एक ही दिन तीन लोगों की हत्या से फैली दहशत

हाजीपुर : रिलायंस कंपनी के क्वालिटी इंजीनियर अंकित की दो दिन पहले भी छपरा जाने के क्रम में एक गाड़ी से ठोकर मार कर हत्या का प्रयास किया गया था. तब वह कंपनी की ही बोलेरो गाड़ी से छपरा में चल रहे केबुल के काम का विजिट करने जा रहे थे. उस समय एक अन्य […]

हाजीपुर : रिलायंस कंपनी के क्वालिटी इंजीनियर अंकित की दो दिन पहले भी छपरा जाने के क्रम में एक गाड़ी से ठोकर मार कर हत्या का प्रयास किया गया था. तब वह कंपनी की ही बोलेरो गाड़ी से छपरा में चल रहे केबुल के काम का विजिट करने जा रहे थे. उस समय एक अन्य इंजीनियर भी उनके साथ थे.

बोलेरो में ठोकर मारने वाले अज्ञात लोगों ने इंजीनियर को धमकी देते हुए कहा था कि चलो बच गया, लेकिन कब तक बचोगे. घटना की यह बात अंकित ने अपने साथियों से साझा की थी.

पटना में मीटिंग की बात कह निकले थे इंजीनियर : रिलायंस इंजीनियर अंकित रविवार को पटना कार्यालय में मीटिंग की बात कह कर अपने घर से निकले थे. मुजफ्फरपुर अहियापुर थाने के शेखपुर मुहल्ला स्थित घर से चलने के समय उन्होंने अपनी गाड़ी से ही पटना जाने की बात कही थी. बताया था कि नये साल पर नार्थ बिहार में कंपनी का फोर जी सेवा लांच होने वाली है. सोमवार की सुबह जब इंजीनियर का शव पाया गया, तब यह बात रहस्य बनी हुई है कि गाड़ी और उसका चालक कहां है.
घरवालों को देर शाम मिली घटना की जानकारी : कंपनी के पटना कार्यालय में कार्यरत एक सहयोगी इंजीनियर के अनुसार अंकित की हत्या की जानकारी उसके घर वालों को देर शाम दी गयी. पुलिस ने घटना की सूचना पहचानपत्र पर दर्ज फोन नंबर पर मुंबई हेड क्वार्टर को दे दी थी. इसके बाद मुंबई से अधिकारियों ने जांच प्रारंभ की.
वहां से कहा गया कि पहले घटनास्थल पहुंच कर अंकित का पहचान पत्र और शव का फोटो हेड क्वार्टर भेजा जाये. पटना ऑफिस से एक टीम ने हाजीपुर पहुंच कर फोटो लिया और हेड क्वार्टर भेजा. वहां अंकित के सर्विस फाइल से उसका मिलान करने के बाद ही उसके परिजनों को सूचना दी जा सकी. जांच की प्रक्रिया में पूरा दिन लग गया और पोस्टमार्टम के बाद उसका शव सदर अस्पताल में ही पड़ा रहा.
रात नौ बजे बरांटी ओपी पहुंचे परिजन : घटना की सूचना मिलने पर रात नौ बजे मृत इंजीनियर के परिजन बरांटी ओपी पहुंच सके. उस समय पटना में कंपनी का काम कर रहे अन्य इंजीनियर सौरभ कुमार, संजीव कुमार और संतोष कुमार भी थाने पर मौजूद थे. लोगों ने इस बात पर भी दुख जताया कि घटना की सूचना के बाद भी कंपनी का कोई भी बड़ा अधिकारी यहां नहीं पहुंच सका.
घर से बुला कर पीएचइडी कर्मी पुत्र की हत्या: स्थानीय पीएचइडी कार्यालय में पलंबर मिस्त्री के पद पर कार्यरत एक कर्मी के 30 वर्षीय पुत्र की घर से बुला कर हत्या कर दी गयी. उसका शव शहर के मछली मंडी के पास रेल लाइन के किनारे पाया गया.
युवक का शव औंधे मुंह पड़ा था और उसके पीठ पर उसका मोबाइल और कुछ रुपये रखे थे. सूत्रों ने बताया कि पलंबर मिस्त्री देवेंद्र महतो शहर के पीएचइडी कॉलोनी के सरकारी आवास में रहते हैं. बताया गया है कि सोमवार की सुबह करीब पांच बजे दो अज्ञात युवक उनके पुत्र चंदन कुमार को घर से बुला कर ले गये थे.
करीब दो घंटे बाद ही दो अज्ञात युवकों ने उसके घर जाकर सूचना दी कि उनके बेटे का शव रेल लाइन के किनारे पड़ा है. मिस्त्री ने पहुंच कर देखा कि वह मृत है. घटना को लेकर हत्या की प्राथमिकी रेल थाने में दर्ज करायी गयी है. हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है.
ऑटो से दब कर सात वर्षीय बालक मरा : बिदुपुर. हाजीपुर-महनार मुख्य मार्ग पर बिदुपुर बाजार शांति मार्केट के निकट सड़क दुर्घटना में अहले सुबह ही एक 7 वर्षीय बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. मृतक बिदुपुर बाजार के विजय चौधरी का पुत्र प्रिंस कुमार बताया गया है.घटना को लेकर कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी मची रही और घंटों जाम की स्थिति बनी रही.
बताया गया है कि एक ऑटो हाजीपुर की ओर जा रहा था कि अचानक उक्त बालक सड़क पार करने के लिए दौड़ पड़ा, जिससे ऑटो का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर ही पलट गया, जिसमें दब कर बालक प्रिंस कुमार की मौत हो गयी. पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर सड़क जाम हटाया एवं शव को स्थानीय लोगों की पहल पर परिजनों को सौंप दिया.
पांच दिनों तक घर में लटका रहा शव : बिदुपुर. बिदुपुर थाने के नावानगर पंचायत के राघोपुर चतुरंग गांव में घरेलू विवाद से तंग आकर एक 25 वर्षीय युवक ने फांसी लगा कर आत्महत्या कर ली. घटना की जानकारी तब हुई जब पड़ोस के लोगों को उसके घर से काफी दुर्गंध मिली. आस-पड़ोस के लोग जुटे और मृतक के घर के भीतर गये तो भीतर से दरवाजा बंद मिला, खिड़की से झांक कर देखा गया तो युवक जय प्रकाश पंडित का शव छप्पर से लटक रहा था.
इस घटना की जानकारी बाहर रह रहे उसके परिजनों को दी गयी. परिजन आये और शव को लेकर दाह-संस्कार किया गया. बताया जाता है कि मृतक जय प्रकाश पंडित घर में अकेले रहता था. इधर पांच-छह दिन पूर्व उसकी ससुराल में उसकी पत्नी से किसी बात को लेकर तू-तू मैं-मैं हुई थी. लगभग पांच दिन पूर्व पड़ोस के लोगों ने उसे देखा थे,
उसके बाद वह नहीं दिख रहा था. घटना की सूचना पर बिदुपुर पुलिस ने घटनास्थल पहुंच कर पूछताछ करती, तब तक परिजन उसका दाह-संस्कार कर चुके थे. मृत जय प्रकाश पंडित राघोपुर चतुरंग गांव के राज बल्लभ पंडित का पुत्र बताया गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >