भगवानपुर : राष्ट्रीय राजमार्ग 77 पर भगवानपुर थाना क्षेत्र के इमादपुर चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को रौंदते हुए एक दुकान में जा घुसा. जिससे एक बाइक सवार की मौत हो गयी. बताया गया कि मुजफ्फरपुर की ओर से हाजीपुर जा रहे एक तेज रफ्तार ट्रक के चालक ने इमादपुर चौक के निकट गाड़ी पर अपना नियंत्रण खो दिया.
जिससे पूर्वी लेन में चल रहा ट्रक पश्चिमी लेन में आ गया और एक बाइक पर सवार दो व्यक्तियों को रौंदते हुए एक दुकान में जा घुसा. घटना में हाजीपुर से वापस अपने घर लौट रहे गोरौल के लोदीपुर पंचायत के मुखिया रूबी पांडेय के देवर सुमित कुमार पांडेय व उनके ही गांव आदमपुर के दामोदर पांडेय के पुत्र सुनील कुमार पांडेय अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गये और बुरी तरह जख्मी हो गये.
लोगों ने दोनों घायल को आनन-फानन में इलाज हेतु सदर अस्पताल भेजा. सुमित कुमार पांडेय उर्फ झुन्नु पांडेय ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया.जबकि सुनील पांडेय को गंभीर हालत में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया.
