हाजीपुर : बाला भारती को जैसे ही उसके पड़ोस के लड़के ने सूचना दी कि चाची नीतीश कुमार शराब पर रोक लगा देलथीन ह, कि उसकी आंखों में गजब की चमक तैर गयी. बाला भारती की आंखों में अक्सर आंसू ही तैरते रहते हैं. शराबी पति की प्रताड़ना से बेजार बाला भारती शहर की अांबेडकर कॉलोनी निवासी राजेश मल्लिक की पत्नी है.
बाला भारती बताती है कि शराब ने उसका जीवन किस तरह से विपदाओं की कगार पर ला खड़ा किया है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए दुआएं करती हुई बाला भारती कहती है कि इ काम तो एकदम होना चाहिए. अपना दर्द बयान करने के साथ-साथ पड़ोस की कई महिलाओं के बारे में बताया कि किस तरह से वे अपने शराबी पति को झेल रही हैं.
यह तो बाला भारती की पीड़ा है. शहर के प्राय: मोहल्ले इस पीड़ा से गुजरते रोज दिख जाते हैं जहां न जाने कितनी विवाहिताएं, बूढ़ी माताएं और मासूम बच्चियां अपने शराबी पति, पुत्र और पिता की सनक को झेल रही हैं और कराह रही हैं.
