लालगंज : पिछले दिनों लालगंज में हुए उपद्रव के बाद लालगंज बाजार एवं अन्य आवासीय क्षेत्रों में जनजीवन बिलकुल सामान्य दिखा. दुकानदार एवं ग्राहक बेफिक्र खरीद-बिक्री करते दिखे एवं लोगों का आवाजाही आम दिनों की तरह देखी गयी. बुधवार को होने वाले कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर भीड़ देखी गयी. वहीं प्रशासन चौकस था. एसपी राकेश कुमार ने थाने पर आकर स्थिति का जायजा लिया व आवश्यक निर्देश दिये.
बसंता जहानाबाद घाट जाने का मुख्य मार्ग है घटना स्थल : लालगंज बाजार के गांधी चौक, थाना रोड, मसजिद चौक होते हुए नारायणी नदी के तटबंध होकर जहानाबाद घाट पर जाने का है रास्ता. जिस पर शाम से ही उमड़ने लगी थी भीड़. जहां रात्रि भर लोगों का परिचालन जारी रहेगा. हालांकि इसको लेकर प्रशासन चौकस है. वहीं स्थानीय थानाध्यक्ष सुमन कुमार ने बताया कि उक्त मार्ग पर रात्रि में पुलिस एवं अर्ध सैनिक बल की गश्त एवं कैंप किया जायेगा.
घाट पर सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था की गयी है. लालगंज के उपद्रव के कई दिन बीत जाने के बाद भी अताउल्लाहपुर, बसंता जहानाबाद एवं अन्य आस पास के गांवों के लोग अभी भी आक्रोशित दिख रहे हैं. अताउल्लाहपुर गांव के कई लोगों ने बताया कि हम अपने ग्रामीण राकेश कुमार की मौत पर श्रद्धांजलि भी ठीक से नहीं दे सके. हालांकि इस मामले में जहानाबाद गांव निवासी गणेश राय, अमर जीत राय, महेश सहनी, संतोष यादव आदि मुखर हो प्रशासन के प्रति आरोप लगाया कि वह उपद्रव मामले में प्रतिदिन नये नाम जोड़ कर निर्दोषों को फंसा रहा है.
