हरिहरक्षेत्र हाजीपुर : कार्तिक पूर्णिमा मेले के अवसर पर स्काउट एवं गाइड के तकरीबन 800 कैडेट भीड़ और यातायात नियंत्रण के काम में लगेंगे. डीएम रचना पाटील के निर्देश पर गंगा स्नान में जुटने वाले श्रद्धालुओं की सहायता के लिए स्काउट गाइड कैडेटों को लगाने की तैयारी पूरी हो गयी है.
शनिवार को मॉक ड्रिल के माध्यम से कैडेटों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गए. जिला शिक्षा पदाधिकारी नयन रंजन कुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी अजय कुमार तथा डीपीओ, स्थापना मुस्तफा अंसारी के नेतृत्व में गंडक नदी के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया गया. खतरनाक घाटों को चिन्हित करते हुए कैडेटों को जरूरी निर्देश दिये गये. डीइओ श्री वर्मा ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शहर के कौनहारा घाट,
सीढ़ी घाट, पुल घाट, कौशल्या घाट समेत प्रमुख चौक-चौराहों पर कैडेटों को लगाया जायेगा. 23 से 26 नवंबर तक स्काउट एवं गाइड की ओर से सेवा शिविर लगाया जायेगा. मॉक ड्रिल कार्यक्रम का संचालन संगठन आयुक्त, स्काउट ऋतुराज ने किया. स्काउट शिक्षक उमेश कुमार सिंह ने जानकारी दी कि चार दिवसीय सेवा शिविर की तैयारी पूरी हो चुकी है. 800 कैडेटों एवं 75 शिक्षकों को प्रतिनियुक्त किया गया है.
