भगवानपुर : थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव के समीप 34 एवं 35 नवंबर रेल गेट के बीच रेल लाइन के समीप एक 22 वर्षीय युवक की गला रेत कर हत्या कर फेंके गये शव को पुलिस ने बरामद किया है. शव के पास रखे बैग से निकले युवक के वोटर आइ कार्ड तथा शैक्षणिक प्रमाणपत्र के अनुसार मृत युवक भोजपुर जिले के आरा अंचल अंतर्गत भदेया गांव निवासी सत्येंद्र प्रसाद सिंह का पुत्र कुंदन कुमार है.
बैग से मिले मोबाइल नंबर के सहारे भगवानपुर पुलिस उसके परिजनों को युवक की हत्या होने की सूचना देते हुए शव को पोस्टमार्टम हेतु सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया. बैग से निकले शैक्षणिक प्रमाण पत्र में मैट्रिक के विद्यालय परित्याग प्रमाण पत्र श्री विंदा सिंह उच्च विद्यालय, फतेहपुर राघोपुर का था.
मृत कुंदन के परिजनों ने बताया कि कुंदन राघोपुर के फतेहपुर गांव में अपनी ननिहाल में रहता था. कुंदन फतेहपुर गांव निवासी अशोक सिंह का भांजा है तथा अशोक सिंह की ससुराल भगवानपुर थाना क्षेत्र के हांसी मलाही गांव में हैं. श्री सिंह हांसी मलाही निवासी नारायण सिंह के दामाद हैं.
कुंदन छठ पर्व में अपने घर गया था तथा एक दिन पूर्व ही अपने घर से फतेहपुर आया था. परिजनों ने बताया कि गांव के ही दो लड़कों के साथ कपड़ा खरीदने हाजीपुर आया था. देर रात उसके ननिहाल नहीं लौटने पर परिजन जहां-तहां फोन कर पता कर रहे थे कि भगवानपुर पुलिस द्वारा हत्या की सूचना मिली.
परिजन बताते हैं कि भगवानपुर की ओर हत्यारे कैसे ले गये या उधर कैसे गया, यह तो पुलिस जांच-पड़ताल के बाद ही पता चलेगा. ऐसे हत्यारों की एक जोड़ी चप्पल घटना स्थल पर ही मिली है. हत्यारों ने गला रेत कर आधी गरर्दन काट कर रेल लाइन के समीप फेंक कर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया, किंतु इसमें सफल नहीं हो सके.
