Patna Traffic Rules : राजधानी पटना में जीपीओ आरओबी से होकर आने-जाने वाले वाहन चालकों के लिए जरूरी खबर है. 21 सितंबर से इस फ्लाइओवर पर सुबह और शाम के पीक आवर्स में मालवाहक वाहनों (गुड्स व्हीकल) के परिचालन पर रोक रहेगी. पटना यातायात पुलिस ने शहर में लगने वाले जाम को कम करने के लिए यह व्यवस्था फिलहाल प्रयोग के तौर पर लागू करने का निर्णय लिया है.
सुबह-शाम इन समयों में रहेगा प्रतिबंध
यातायात पुलिस के अनुसार, जीपीओ आरओबी पर मालवाहक वाहनों के परिचालन पर दो समयावधि में रोक रहेगी.
- सुबह 9 बजे से 11 बजे तक.
- शाम 6 बजे से रात 8:30 बजे तक.
इस दौरान मालवाहक वाहनों को जीपीओ आरओबी से होकर गुजरने की अनुमति नहीं होगी.
मीठापुर-महुली एलिवेटेड फ्लाइओवर के बाद बढ़ा दबाव
यातायात पुलिस के अनुसार, 28 अगस्त से मीठापुर-महुली एलिवेटेड फ्लाइओवर से जीपीओ गोलंबर की ओर वाहनों का दबाव बढ़ा है. सुबह और शाम के व्यस्त समय में जीपीओ आरओबी पर वाहनों की रफ्तार कम होने के कारण जाम की स्थिति बन रही है. इसी को देखते हुए पीक आवर्स में मालवाहक वाहनों के परिचालन के लिए समय निर्धारित किया गया है.
वैकल्पिक मार्ग का करना होगा इस्तेमाल
निर्धारित समय के दौरान मालवाहक वाहन चालकों को जीपीओ आरओबी के बजाय वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करना होगा. यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित समय का पालन करने और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है. नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.
फिलहाल प्रायोगिक तौर पर लागू होगी व्यवस्था
यातायात पुलिस के अनुसार, मालवाहक वाहनों पर यह प्रतिबंध फिलहाल प्रायोगिक तौर पर लागू किया जा रहा है. व्यवस्था लागू होने के बाद यातायात पर इसके प्रभाव का आकलन किया जायेगा. इसके आधार पर आगे इस व्यवस्था को जारी रखने या उसमें बदलाव करने का निर्णय लिया जायेगा.
