– गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी, ऑटो व बाइक जब्त – फरार तस्कर की तलाश जारी वीरपुर. भीमपुर थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है. भीमपुर थाना पुलिस ने 100 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. इस दौरान तस्करी में प्रयुक्त एक ऑटो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस ने बताया कि 27 मई को भीमपुर थाना को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ तस्कर भारी मात्रा में अवैध गांजा की खेप लेकर तस्करी की तैयारी में हैं. सूचना की गंभीरता को देखते हुए त्रिवेणीगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध वाहनों को रोककर तलाशी ली. विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत की गई जांच में एक ऑटो से लगभग 100 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया. मौके से दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक अन्य तस्कर भागने में सफल रहा. जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है. उनके नेटवर्क, आपराधिक इतिहास तथा इस तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में गहन जांच की जा रही है. मामले में भीमपुर थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई जारी है. गिरफ्तार आरोपित की पहचान बलुआ बाजार थाना क्षेत्र के कुशहर एराजी वार्ड नंबर 1 निवासी शेख गुल मोहम्मद के पुत्र मो जबार व कुशहर एराजी वार्ड नंबर 2 निवासी मो जमील के पुत्र इंतजार आलम के रूप में हुई है. नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा एसपी शरथ आरएस ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. कहा कि अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा.
100 किलोग्राम गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
नशा तस्करों पर पुलिस का शिकंजा
