सुपौल से रोशन सिंह की रिपोर्ट
Supaul News: सुपौल में दिनदहाड़े बाइक चोरी की एक और घटना ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. इस बार चोरों ने किसी सुनसान जगह नहीं, बल्कि एक स्कूल के बाहर खड़ी बाइक को निशाना बनाया. हैरानी की बात यह है कि पूरी वारदात स्कूल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. अब पीड़ित ने फुटेज और सभी दस्तावेज पुलिस को सौंपकर बाइक बरामद करने और आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है.
घटना शहर के आर.एस.एम. पब्लिक स्कूल की है. लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं के बीच यह मामला एक बार फिर शहर की कानून-व्यवस्था और वाहन सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है.
ड्यूटी पर गए कर्मचारी, लौटे तो गायब थी बाइक
जानकारी के अनुसार, सूरज कुमार आर.एस.एम. पब्लिक स्कूल में चतुर्थ वर्गीय कर्मी के रूप में कार्यरत हैं. सोमवार 6 जुलाई को वे रोज की तरह अपनी लाल रंग की हीरो होंडा स्प्लेंडर प्लस बाइक विद्यालय के बाहर खड़ी कर ड्यूटी पर चले गए.
विद्यालय की छुट्टी के बाद जब वे बाहर पहुंचे तो उनकी बाइक वहां नहीं थी. आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन वाहन का कोई पता नहीं चला. इसके बाद पूरे मामले की जानकारी स्कूल प्रबंधन को दी गई.
Supaul News: CCTV फुटेज ने खोल दिया राज
घटना के बाद विद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली गई. फुटेज में सुबह करीब 11 बजे से 11.30 बजे के बीच एक अज्ञात युवक बाइक लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है.
विद्यालय प्रबंधन के पास चोरी की पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित है. इसी फुटेज के आधार पर अब पुलिस आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश करेगी.
इसे भी पढ़ें: बिना पटना जंक्शन गए पहुंचेंगे बिहारशरीफ, नेउरा-दनियावां नई रेल लाइन का काम पूरा
पुलिस को सौंपे दस्तावेज और चोर की तस्वीर
पीड़ित सूरज कुमार ने बताया कि चोरी हुई बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 50 A 1619 है. उन्होंने बाइक का चेसिस नंबर, इंजन नंबर, वाहन से जुड़े आवश्यक दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज से मिली संदिग्ध चोर की रंगीन तस्वीर सुपौल थाना में आवेदन के साथ जमा कर दी है.
उन्होंने पुलिस से मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जल्द कार्रवाई करने तथा चोरी गई बाइक की बरामदगी की मांग की है.
बढ़ती बाइक चोरी से लोगों में चिंता
पीड़ित सूरज कुमार वार्ड संख्या-13 स्थित पुरानी दुर्गा स्थान, सुपौल के निवासी हैं. उनका कहना है कि दिनदहाड़े स्कूल जैसे सार्वजनिक स्थान के बाहर हुई चोरी से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है.
स्थानीय लोगों का भी कहना है कि शहर में लगातार बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए पुलिस को गश्त बढ़ाने और सक्रिय कार्रवाई करने की जरूरत है. अब सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है कि सीसीटीवी में कैद आरोपी तक पुलिस कितनी जल्दी पहुंच पाती है.
Also Read: बिहार की 1.5 लाख छात्राओं को मिलेगा 50000 का तोहफा, जानें कब आएगा पैसा
