नहर में अचानक बढ़ा पानी का दबाव, प्रशासन और ग्रामीणों की तत्परता से टली बड़ी आपदा

ग्रामीणों ने जताई राहत, समय रहते टली फसल क्षति

जदिया. जदिया प्रखंड अंतर्गत फुलकाहा के समीप गंगापुर उपवितरणी नहर में बुधवार की रात अचानक पानी का दबाव अत्यधिक बढ़ जाने से नहर टूटने की स्थिति उत्पन्न हो गई. तेज बहाव के कारण नहर का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों की सजगता और प्रशासन की तत्परता से समय रहते नहर को पूरी तरह टूटने से बचा लिया गया. घटना की सूचना मिलते ही सुपौल डीएम सावन कुमार और एसपी शरथ आरएस तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. मुरलीगंज सिंचाई प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता अबेबुल रहमान और सहायक अभियंता उज्ज्वल सिंह ने भी तत्क्षण घटनास्थल पर पहुंचकर मरम्मत कार्य शुरू करवाया. स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इंजीनियरों ने जेसीबी मशीन और स्थानीय संसाधनों की मदद से युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य शुरू कराया. ग्रामीणों ने भी प्रशासन का साथ देते हुए बांस और मिट्टी भरी बोरियों से बहते पानी को नियंत्रित किया. करीब ढाई घंटे के अथक प्रयासों के बाद स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया. घटनास्थल पर त्रिवेणीगंज एसडीओ अभिषेक कुमार, एसडीपीओ विभाष कुमार व प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिनव भारती भी मौजूद रहे और पूरी मरम्मत प्रक्रिया की निगरानी करते रहे. ग्रामीणों ने जताई राहत, समय रहते टली फसल क्षति स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि यदि कुछ ही मिनट और देरी होती, तो नहर का पानी आसपास के खेतों में फैलकर भारी फसल क्षति का कारण बन सकता था. क्षेत्र की आबादी मुख्य रूप से कृषि पर निर्भर है, और सिंचाई का प्रमुख स्रोत यही नहर है. मौके पर पहुंचे डीएम सावन कुमार ने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि नहर की तकनीकी स्थिति की गहन जांच कर शीघ्र स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की आपात स्थिति की पुनरावृत्ति न हो.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >