सुपौल : प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के पंचायत भवन स्थित राजयोग मेडिटेशन केंद्र, प्रतापगंज में 'आध्यात्मिक जागरूकता द्वारा असल समाज का निर्माण' विषय पर स्नेह मिलन समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ मुखिया प्रतिनिधि सुरेश दास, सिमराही राघोपुर एवं प्रतापगंज क्षेत्र की मुख्य प्रभारी राजयोगिनी बबीता दीदी, स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी रेनू दीदी, ब्रह्माकुमार किशोर भाईजी तथा अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया.
आध्यात्मिक जागरूकता से आएगा सकारात्मक बदलाव.
मुख्य वक्ता राजयोगिनी बबीता दीदी ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती अशांति, तनाव और नैतिक मूल्यों के ह्रास का स्थायी समाधान आध्यात्मिक जागरूकता ही है. उन्होंने कहा कि जब मनुष्य स्वयं को आत्मा के रूप में पहचानकर परमात्मा शिव से राजयोग के माध्यम से जुड़ता है, तब उसके जीवन में शांति, प्रेम, सुख और आंतरिक शक्ति का संचार होता है. यही आत्मिक परिवर्तन परिवार, समाज और विश्व के नव निर्माण की मजबूत नींव बनता है.
श्रद्धालुओं को कराया राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास.
बबीता दीदी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया. साथ ही ईश्वरीय ज्ञान मुरली के माध्यम से आध्यात्मिक जीवन के गूढ़ रहस्यों को सरल और सहज भाषा में समझाया. कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाईजी ने किया.
बड़ी संख्या में श्रद्धालु रहे मौजूद.
समारोह में ब्रह्माकुमारी सुमन बहन, पूजा बहन, निशिका बहन, सुहानी बहन, आस्था बहन, पुष्पा देवी, अंबिका देवी, रंजना देवी, सोना देवी, उषा देवी, शोभा देवी, ललन कुमार, तिवानंद, रामदेव, शारदा देवी, अनीता देवी, अर्जुन कुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.
प्रसाद वितरण के साथ हुआ समापन.
कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा ब्रह्माभोजन के साथ स्नेह मिलन समारोह का समापन हुआ. इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आध्यात्मिक मूल्यों को अपने जीवन में अपनाकर श्रेष्ठ समाज और श्रेष्ठ विश्व के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया.
