वीरपुर. एसएसबी 45वीं बटालियन के भीमनगर कंपनी कार्यालय में रविवार को एसएसबी और नेपाल एपीएफ के पदाधिकारियों की समन्वय मासिक बैठक बटालियन के कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में विस्तार पूर्वक सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. बैठक की शुरुआत दोनों ही देशों के राष्ट्रगान से हुई. फिर बारी-बारी से दोनों ही एजेंसियों ने बैठक में अपनी-अपनी बातों को रखा. चर्चा के दौरान सीमा पर हो रही नशीले पदार्थ की तस्करी, सीमा पर तृतीय देश के नागरिकों के आवागमन, मानव तस्करी, नेपाल में हो रहे हालिया राजनीतिक स्थिति, शराब की तस्करी, सीमा पर अतिक्रमण जैसे बिंदुओं के साथ-साथ अन्य विषयों पर भी गंभीरता के साथ चर्चा की गई. बैठक के बाद कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा ने बताया कि दोनों देशों के बीच रोटी-बेटी का संबंध है. मित्रवत देश होने के कारण सीमा पर दोनों सुरक्षा बलों द्वारा की जाने वाली ड्यूटी एक कठिन कार्य है. ऐसे में एसएसबी एवं एपीएफ नेपाल प्रत्येक माह इस बैठक के माध्यम से विशेष बिंदुओं पर गंभीर चर्चा करते हैं. जिससे सीमा पर असामाजिक तत्वों पर नकेल कसी जाये और सीमा पर शांति और सुरक्षा बनी रहे. दोनों देशों के लोग हमेशा सुरक्षित महसूस करें. बैठक में नेपाल एपीएफ छठी बटालियन के एसपी ग्यानमनी पौडेल, चौथी बटालियन के एसपी निर्मल थापा, भांटबारी कंपनी से इंस्पेक्टर केदार जंग थापा, सीमा चौकी छिनमसता से इंस्पेक्टर अगम बहादुर राई, सीमा चौकी तिलाठी से इंस्पेक्टर अंगद खड्का, सीमा चौकी बरसाइन से इंस्पेक्टर अंजान जंग शाह तथा एसएसबी 45वीं बटालियन की ओर से कार्यवाहक कमांडेंट जगदीश कुमार शर्मा, डिप्टी कमांडेंट डॉ एस चैतन्या, हरजीत राव, असिस्टेंट कमांडेंट विशाल राणा, सुधीर कुमार सहायक कमांडेंट एवं सहायक उप-निरीक्षक दीपक सोनार उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
