सुपौल : छातापुर-जदिया एसएच-91 पथ पर सोमवार की देर शाम तेज रफ्तार बाइक की ठोकर से गंभीर रूप से घायल 83 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गयी. मृतक की पहचान जदिया पंचायत के वार्ड संख्या-2 निवासी नागेश्वर यादव के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
जानकारी के अनुसार, नागेश्वर यादव नाग पंचमी के अवसर पर बाजार में आयोजित कार्यक्रम में प्रसाद ग्रहण करने के बाद पैदल घर लौट रहे थे. इसी दौरान जदिया बाजार स्थित एक चावल दुकान के समीप तेज रफ्तार बाइक सवार ने उन्हें ठोकर मार दी. हादसे में वे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गये.
परिजन आनन-फानन में उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल त्रिवेणीगंज ले गये. वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज मधेपुरा रेफर कर दिया. मधेपुरा में इलाज के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए पटना रेफर किया. परिजन उन्हें पटना लेकर जा रहे थे, इसी दौरान रास्ते में ही नागेश्वर यादव ने दम तोड़ दिया.
बाइक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही जदिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सुपौल भेज दिया. पुलिस दुर्घटना में शामिल बाइक और उसके चालक की पहचान के लिए छानबीन कर रही है. वृद्ध की मौत की खबर से गांव में शोक की लहर है.
