शोभायात्रा में हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल, पांच रथ व आकर्षक झांकियों से सजेगा शहर

इस धार्मिक आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की तैयारी की गई है

सुपौल. हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री राम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्री श्री 108 बाबा रामदास राम-जानकी ठाकुर बाड़ी अखाड़ा, सुपौल से भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा. इस धार्मिक आयोजन में शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की तैयारी की गई है. शोभायात्रा को विशेष आकर्षक बनाने के लिए 5 भव्य रथ, दो बैंड पार्टी, ढोल-ताशा टोली, शंख, घंटा-घड़ी घंटा लिए भक्तजन शामिल होंगे. इसके अलावा 25 घोड़े, भगवा ध्वज लिए श्रद्धालु एवं भाला, फरसा, तलवार, लाठी जैसे पारंपरिक अस्त्र-शस्त्रों से सुसज्जित दल शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगे. हनुमान जी, भोले बाबा, भारत माता सहित कई आकर्षक झांकियां एवं राम दरबार की मूर्तियां भी मुख्य आकर्षण रहेंगी. शोभायात्रा का मार्ग ठाकुरबाड़ी अखाड़ा से प्रारंभ होकर कीर्तन भवन, महावीर चौक, अंबेडकर चौक, लोहिया नगर चौक, स्टेशन चौक, थाना चौक, कोशी प्रोजेक्ट चौक होते हुए वापसी में मल्लिक चौक से अखाड़ा परिसर तक रहेगा. शहर के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु सपरिवार इसमें भाग लेंगे. इस आयोजन में एकल अभियान के साथ-साथ कई अखाड़ा, संस्थाएं एवं मंदिर समितियों के शामिल होने की संभावना है, जिनसे समिति द्वारा लगातार संपर्क किया जा रहा है. संध्या में 48 घंटे के लिए अखंड रामधुन अष्टयाम का शुभारंभ होगा. साथ ही, सात दिनों तक चलने वाले मेले में प्रतिदिन सुबह-शाम श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा. कार्यक्रम के तहत कल प्रातः 8 बजे पूजा प्रारंभ होगी, जबकि शोभा यात्रा दोपहर 1:30 बजे निकाली जाएगी. मेला समिति के अध्यक्ष अरुण चौधरी ने बताया कि आयोजन को सफल बनाने में सभी समितियों का भरपूर सहयोग मिल रहा है. हनुमान जी की विशाल प्रतिमा को अंतिम रूप दिया जा रहा है. पूरे शहर में ध्वज सजाए जा रहे हैं, तोरण द्वार एवं पंडाल निर्माण कार्य अंतिम चरण में है. प्रकाश एवं साउंड की भी पर्याप्त व्यवस्था की जा रही है. ठाकुरबाड़ी परिसर का रंग-रोगन एवं पुष्प सजावट का कार्य भी लगभग पूर्ण हो चुका है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >