वीरपुर (सुपौल) से प्रमोद कुमार की रिपोर्ट
Bihar Police News: बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 12वीं बटालियन परिसर में आयोजित दीक्षांत एवं शपथ ग्रहण समारोह सिर्फ एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहा, बल्कि महिला शक्ति, अनुशासन और समर्पण का प्रेरक उदाहरण बन गया. समारोह में डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला जवानों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया.
16 किलोमीटर की दौड़ में कल्पना ने किया कमाल
समारोह का सबसे खास पल तब आया, जब कटिहार की प्रशिक्षु महिला जवान कल्पना कुमारी को 16 किलोमीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया. कल्पना ने सिर्फ दौड़ में ही नहीं, बल्कि कक्षागत प्रशिक्षण में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी अलग पहचान बनाई.
उनकी इस उपलब्धि ने यह साबित किया कि कठिन प्रशिक्षण और अनुशासन के बल पर महिला जवान किसी भी चुनौती को पार कर सकती हैं.
Bihar Police News: परेड और प्रशिक्षण में भी बेटियों ने लहराया परचम
पूर्णिया जिला बल की मोती कुमारी को कक्षागत प्रशिक्षण में बेहतर अंक प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया. वहीं मेघा कुमारी को उत्कृष्ट परेड प्रदर्शन के लिए पुरस्कार दिया गया.
इसके अलावा प्रशिक्षण के विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर प्रदर्शन करने वाली कई अन्य महिला जवानों को भी मंच पर सम्मानित किया गया. सम्मान मिलने के बाद महिला प्रशिक्षुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था.
दीक्षांत समारोह बना प्रेरणा का मंच
भीमनगर स्थित बीएसएपी 12वीं बटालियन के परेड ग्राउंड में आयोजित इस समारोह में बड़ी संख्या में अधिकारी, जवान और स्थानीय लोग मौजूद रहे. पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, सम्मान और गौरव का माहौल देखने को मिला.
बीएसएपी 12वीं बटालियन के कमांडेंट शशि शंकर कुमार ने डीआईजी डॉ. कुमार आशीष का बुके और पौधा भेंट कर स्वागत किया. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह भी शामिल हुए, जिन्हें डीआईजी ने सम्मानित किया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
अधिकारियों को भी मिला सम्मान, सफल आयोजन के लिए जताया आभार
समारोह के दौरान एसएसबी के उपकमांडेंट सुमन सौरभ, वीरपुर एसडीपीओ सुरेन्द्र कुमार और भीमनगर कस्टम सुपरिटेंडेंट को भी सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम के समापन से पहले बीएसएपी की 12वीं और 15वीं बटालियन के कमांडेंटों को सफल आयोजन के लिए डीआईजी ने सम्मान प्रदान किया. अंत में कमांडेंट शशि शंकर कुमार ने सभी अतिथियों, अधिकारियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की.
इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे के लिए बिहार के इन जिलों के लोग हो जाएं सावधान, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट
बिहार के इन दो जिलों में जमीन के नीचे बनेगी ब्लास्ट-प्रूफ रेल लाइन, जंग में बंकर का करेगी काम
