9 महीने की कठिन ट्रेनिंग पूरी, 1074 महिला जवानों ने पहनी वर्दी, पासिंग आउट परेड में ली शपथ

Bihar Police: भीमनगर में 9 महीने की ट्रेनिंग पूरी करने के बाद 1074 महिला पुलिस जवानों की भव्य पासिंग आउट परेड हुई. डीआईजी ने दिलाई पद और गोपनीयता की शपथ.

वीरपुर(सुपौल) से रिपोर्ट

Bihar Police: करीब नौ महीने की कठिन ट्रेनिंग, पसीना, अनुशासन और अथक मेहनत के बाद आखिर वह पल आ ही गया, जिसका इंतजार 1074 महिला प्रशिक्षुओं को था. भीमनगर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) की 12वीं बटालियन के परेड ग्राउंड में शनिवार को आयोजित भव्य पासिंग आउट परेड में इन महिला जवानों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर बिहार पुलिस की नई ताकत के रूप में कदम रखा. पूरे समारोह के दौरान अनुशासन, आत्मविश्वास और देशभक्ति का ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने मौजूद हर व्यक्ति को गौरवान्वित कर दिया.

9 महीने की मेहनत का मिला इनाम

प्रशिक्षण वर्ष 2025-26 के तहत आयोजित इस दीक्षांत समारोह में 1074 महिला प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक अपनी ट्रेनिंग पूरी की. परेड ग्राउंड को विशेष रूप से सजाया गया था और सभी 36 प्लाटून की महिला प्रशिक्षु पूरी वर्दी में अनुशासन के साथ परेड मैदान में खड़ी थीं.

राष्ट्रगान के साथ समारोह की शुरुआत हुई. इसके बाद मुख्य अतिथि कोसी रेंज के डीआईजी डॉ. कुमार आशीष और बीएसएपी 12वीं बटालियन के कमांडेंट शशि शंकर कुमार ने खुली जीप से परेड का निरीक्षण किया.

पटना: बीएसएससी अभ्यर्थियों ने लंबित परीक्षाओं की तिथि जारी करने की मांग को लेकर आयोग कार्यालय में प्रदर्शन किया. 10-15 दिन में तारीख नहीं आने पर महाआंदोलन की चेतावनी दी.

जब परेड ग्राउंड में दिखा अनुशासन और आत्मविश्वास

निरीक्षण के बाद महिला जवानों ने अर्धचंद्राकार गठन सहित कई आकर्षक ड्रिल और शानदार परेड का प्रदर्शन किया. उनकी एकरूपता, तालमेल और अनुशासन ने मौजूद अधिकारियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों का दिल जीत लिया.

डीआईजी डॉ. कुमार आशीष ने सभी प्रशिक्षु महिला जवानों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई. इसके बाद सभी 36 प्लाटून ने मंच पर मौजूद अतिथियों को सलामी देकर अपनी ट्रेनिंग का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया.

Bihar Police: पूर्णिया की मेघा बनीं मुख्य परेड कमांडर

इस भव्य पासिंग आउट परेड की कमान पूर्णिया जिले की मेघा कुमारी ने मुख्य परेड कमांडर के रूप में संभाली. उनके नेतृत्व में पूरी परेड सफलतापूर्वक संपन्न हुई.

समारोह में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में महिला प्रशिक्षुओं के माता-पिता और परिजन भी भीमनगर पहुंचे थे. पासिंग आउट परेड के बाद कई परिवार अपनी बेटियों को वर्दी में देखकर भावुक नजर आए. महिला जवानों ने अपने परिजनों और साथियों के साथ तस्वीरें खिंचवाकर इस खास पल को यादगार बनाया.

देश सेवा की नई जिम्मेदारी का आगाज

इस अवसर पर बीएसएपी 12वीं बटालियन के कमांडेंट शशि शंकर कुमार, एसएसबी 45वीं बटालियन के कमांडेंट गौरव सिंह, डीएसपी वासुदेव राय, राकेश कुमार भास्कर, सुमन कुमार शर्मा, 15वीं बटालियन के डीएसपी जय प्रकाश सिंह, रमेश कांत चौधरी समेत बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस की 12वीं और 15वीं बटालियन के कई अधिकारी मौजूद रहे.

पासिंग आउट परेड के साथ ही इन 1074 महिला जवानों की प्रशिक्षण यात्रा पूरी हुई और अब वे बिहार पुलिस में नई जिम्मेदारियां निभाने के लिए तैयार हैं.

इसे भी पढ़ें: अगले 72 घंटे के लिए बिहार के इन जिलों के लोग हो जाएं सावधान, IMD ने जारी किया डबल अलर्ट

बिहार के इन दो जिलों में जमीन के नीचे बनेगी ब्लास्ट-प्रूफ रेल लाइन, जंग में बंकर का करेगी काम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >