Supaul News : प्रखंड कार्यालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने बाबा कौशिकीनाथ शिव मंदिर प्रबंधन समिति, सोहटा के साथ बैठक कर सावन की पहली सोमवारी पर होने वाले जलाभिषेक एवं मेले की तैयारियों की समीक्षा की. बैठक में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
हजारों श्रद्धालुओं के आने की संभावना
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष रामजी दास ने बताया कि प्रत्येक सोमवारी को आसपास के क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालु बाबा कौशिकीनाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं. इसे देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल, दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति और महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस बल की तैनाती की मांग की गई.
मेला, पार्किंग और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में मंदिर परिसर के बाहर रविवार और सोमवार को लगने वाले मेले के सुव्यवस्थित संचालन, अस्थायी दुकानों की व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात संचालन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई. प्रशासन और मंदिर समिति ने समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर सहमति जताई.
प्रशासन ने दिए बेहतर समन्वय के निर्देश
बीडीओ डॉ. राकेश गुप्ता ने कहा कि सावन की पहली सोमवारी को लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है. श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और शांतिपूर्ण जलाभिषेक के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं. उन्होंने मंदिर प्रबंधन समिति से प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय बनाकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की.
पहले ही हो चुका है स्थलीय निरीक्षण
बीडीओ ने बताया कि हाल ही में एसडीएम अभिषेक कुमार, सीडीपीओ विकास कुमार, थानाध्यक्ष प्रमोद झा तथा उन्होंने स्वयं बाबा कौशिकीनाथ मंदिर पहुंचकर तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया था. इस दौरान मंदिर परिसर, श्रद्धालुओं के प्रवेश एवं निकास मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे.
बैठक में मंदिर समिति के अध्यक्ष रामजी दास, उपाध्यक्ष उपेंद्र शर्मा, सचिव प्रमोद यादव, कोषाध्यक्ष हरिहर सिंह, मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र शर्मा, थानाध्यक्ष प्रमोद झा सहित मंदिर समिति के कई सदस्य और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे.
