Barahkshetra Water Level : नेपाल के मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश के अलर्ट का असर अब कोसी नदी पर दिखाई देने लगा है. रविवार सुबह बराहक्षेत्र में जलस्तर इस वर्ष के सबसे ऊंचे स्तर पर दर्ज किया गया. जल संसाधन विभाग ने तटबंधों पर निगरानी बढ़ा दी है और अभियंताओं को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है.
बराहक्षेत्र में इस वर्ष का सबसे अधिक जलस्तर दर्ज
कोसी बराज स्थित कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार रविवार सुबह 10 बजे नेपाल के बराहक्षेत्र में नदी का जलस्तर 1,42,250 क्यूसेक दर्ज किया गया, जो लगातार बढ़ रहा है. यह इस वर्ष का अब तक का सबसे अधिक जलस्तर माना जा रहा है.
अगले कुछ घंटों में कोसी का जलस्तर बढ़ने की संभावना
विशेषज्ञों के अनुसार बराहक्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जलस्तर का असर कुछ घंटों बाद कोसी नदी पर दिखाई देगा. अनुमान है कि अगले चार घंटों में नदी के जलस्तर में तेज बढ़ोतरी हो सकती है और यह 2.25 लाख क्यूसेक तक पहुंच सकता है.
ये भी पढ़ें : पटना समेत बिहार के 19 जिलों में हैवी रेन और बिजली गिरने की चेतावनी, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
जलस्तर के अनुसार खोले और बंद किए गए बराज के फाटक
रविवार सुबह जलस्तर बढ़ने के कारण कोसी बराज के 25 फाटक खोले गए थे. बाद में जलस्तर में कुछ कमी आने पर फाटकों की संख्या घटा दी गई. हालांकि नेपाल के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए अधिकारियों की चिंता बनी हुई है.
नेपाल में भारी बारिश का अलर्ट, प्रशासन पूरी तरह सतर्क
नेपाल के मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. माना जा रहा है कि लगातार बारिश के कारण कोसी नदी के जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है. इसे देखते हुए जल संसाधन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों और अभियंताओं को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया है.
तटबंध और स्पर फिलहाल सुरक्षित : चीफ इंजीनियर
बाढ़ नियंत्रण एवं जल निस्सरण विभाग के चीफ इंजीनियर संजीव शैलेश ने बताया कि नेपाल में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए तटबंधों पर अभियंताओं की चौकसी बढ़ा दी गई है. उन्होंने कहा कि फिलहाल कोसी नदी के सभी तटबंध और स्पर पूरी तरह सुरक्षित हैं, लेकिन स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
ये भी पढ़ें : बागमती के कटाव पर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने नाव से किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
