Sonepur Hariharnathpur Greenfield Satellite Township: बिहार के सारण जिले में आने वाले सोनपुर के हरिहरनाथपुर में एक आधुनिक ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनने जा रही है. इस बड़े प्रोजेक्ट को लेकर सरकारी काम बहुत तेजी से आगे बढ़ने लगा है.
बिहार कैबिनेट की हरी झंडी मिलने के बाद अब नगर विकास एवं आवास विभाग ने इस योजना के लिए जमीन खरीदने की प्रशासनिक मंजूरी दे दी है. इस फैसले के साथ ही बिहार के इस बड़े और आधुनिक शहरी प्रोजेक्ट को जमीन पर उतारने का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है.
टाउन प्लानिंग स्कीम के तहत होगा नए शहर का विकास
नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार की तरफ से जारी आदेश के मुताबिक, बिहार के बड़े शहरों पर आबादी का बोझ कम करने के लिए पहले चरण में राज्य के चार अलग-अलग हिस्सों में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनाई जाएगी.
इनमें सोनपुर का हरिहरनाथपुर भी शामिल है, जिसे पूरी तरह 'टाउन प्लानिंग स्कीम' के तहत तैयार किया जाएगा. इस नए शहर में चौड़ी सड़कें, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, शुद्ध पीने का पानी, बिजली का मजबूत नेटवर्क, पार्क, स्कूल और अस्पताल जैसी सभी जरूरी नागरिक सुविधाएं दी जाएंगी.
सरकार यहां जमीन के मालिकों से सीधे जमीन खरीदेगी और जरूरत पड़ने पर भूमि अधिग्रहण कानून का भी इस्तेमाल करेगी.
बाजार से लोन लेकर शुरू होगा काम, बाद में कमाई से सधेगा बजट
सरकार का मानना है कि पहले से जमीन उपलब्ध होने की वजह से मास्टर प्लान के हिसाब से विकास कार्यों को तेजी से पूरा किया जा सकेगा. इस नई टाउनशिप में रहने के लिए आधुनिक फ्लैट्स, बिजनेस सेंटर और सरकारी संस्थान बनाए जाएंगे, जिससे सोनपुर में बड़ा निवेश आएगा.
इस बड़े प्रोजेक्ट को शुरू करने के लिए शुरुआती दौर में बाजार से लोन लिया जाएगा, जिसके लिए राज्य सरकार से पहले ही मंजूरी ली जाएगी. बाद में जब यहां प्लॉट और दुकानें बनकर तैयार हो जाएंगी, तो उनकी बिक्री और नीलामी से मिलने वाले पैसों से लोन चुकाया जाएगा. इसके अलावा कई तरह के टैक्स और फीस से भी सरकार को अच्छी कमाई होगी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
स्थानीय लोगों को मिलेगा रोजगार, चमकेगी सोनपुर की किस्मत
इस आधुनिक सैटेलाइट टाउनशिप के बनने से सोनपुर और उसके आसपास के पूरे इलाके की किस्मत बदलने वाली है. इसके निर्माण कार्य के दौरान और भविष्य में यहां खुलने वाले बड़े-बड़े शोरूम, दफ्तरों और बिजनेस सेंटर्स के जरिए स्थानीय युवाओं को रोजगार के ढेर सारे नए मौके मिलेंगे.
सरकार की कोशिश है कि हरिहरनाथपुर टाउनशिप को बिहार के सबसे बेहतरीन और व्यवस्थित शहरों की लिस्ट में शामिल किया जाए. इस प्रोजेक्ट के शुरू होने से सोनपुर के पूरे इलाके में आर्थिक गतिविधियों को एक नई और बड़ी दिशा मिलने की उम्मीद है.
इसे भी पढ़ें: बिहार में 13 से 15 जुलाई तक बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट, इन इलाकों में ज्यादा दिखेगा असर
