सीवान: सराय थाना क्षेत्र के तरवारा मोड़ के समीप बैंक से रुपये निकालकर घर लौट रही एक महिला से दो युवकों ने 50 हजार रुपये की ठगी कर ली. आरोपित युवकों ने महिला को तीन लाख रुपये का लालच देकर अपने झांसे में लिया और उसके 50 हजार रुपये लेकर मौके से फरार हो गये. ठगी का पता तब चला, जब महिला ने युवकों द्वारा दिए गए पैकेट को खोलकर देखा. उसमें नोटों की जगह कागज की गड्डी मिली.
एसबीआई से 50 हजार रुपये निकालकर निकली थी महिला
पीड़ित महिला की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के सिरसो गांव निवासी झगरू प्रसाद की पत्नी जुगंधी देवी के रूप में हुई है. महिला ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि वह 28 जुलाई को तरवारा मोड़ स्थित एसबीआई की शाखा से 50 हजार रुपये निकालकर बाहर निकली थी.
महिला के अनुसार, बैंक से निकलने के बाद दो युवक उसके पास पहुंचे. दोनों युवकों ने बातचीत शुरू की और कुछ देर बाद कपड़े में लपेटा हुआ एक पैकेट महिला को थमा दिया. युवकों ने महिला से कहा कि इसमें तीन लाख रुपये हैं. इसे अपने पास रखिए, वह पांच मिनट में कुछ काम करके वापस आ रहे हैं.
तीन लाख रुपये का लालच देकर मांगे 50 हजार
महिला युवकों के झांसे में आ गई और उनके दिए पैकेट को लेकर वहीं बैठ गई. कुछ देर बाद दोनों युवक वापस पहुंचे और महिला से कहा कि पैकेट में रखे तीन लाख रुपये निकालना उचित नहीं है. इसके बाद आरोपितों ने महिला से कहा कि यदि उसके पास कुछ रुपये हैं, तो वह उन्हें दे दे और बदले में तीन लाख रुपये वाला पैकेट अपने पास रख ले.
महिला ने युवकों की बात पर भरोसा कर अपने पास मौजूद बैंक से निकाले गये 50 हजार रुपये उन्हें दे दिए. रुपये लेने के बाद दोनों युवक वहां से फरार हो गए.
पैकेट खोला तो कागज की गड्डी मिली
युवकों के जाने के बाद जब महिला ने उनके द्वारा दिए गए पैकेट को खोलकर देखा, तो उसके होश उड़ गए. पैकेट के अंदर तीन लाख रुपये की जगह कागज की गड्डी रखी हुई थी. महिला को तब समझ में आया कि वह ठगी का शिकार हो चुकी है.
घटना के बाद पीड़िता ने स्थानीय थाना में आवेदन देकर अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों की तलाश
पुलिस बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच कर सकती है, ताकि दोनों युवकों की पहचान की जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित युवकों ने महिला को बैंक से निकलने के बाद ही निशाना बनाया था या पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रहे थे.
Also Read : VIDEO : बांकीपुर में वोटिंग के बीच प्रशांत किशोर पर क्या-क्या कह रहे सत्ताधारी नेता, एक जगह देखिए
