सीवान : महादेवा में बेटे का दोस्त बन महिला को झांसा दिया, चैन-अंगूठी और मोबाइल लेकर फरार

सीवान के महादेवा थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक महिला से ठगी का मामला सामने आया है. एक युवक ने खुद को महिला के बेटे का दोस्त बताकर उसका विश्वास जीता और फिर सोने की चैन, अंगूठी और मोबाइल लेकर फरार हो गया. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी है.

सीवान के महादेवा थाना क्षेत्र के नई बस्ती में दिनदहाड़े ठगी और लूट का मामला सामने आया है. जहां बाइक सवार युवक ने खुद को महिला के बेटे का दोस्त बताकर पहले उनका विश्वास जीता और फिर उनकी सोने की चैन, अंगूठी व मोबाइल लेकर फरार हो गया. सघन आबादी वाले इलाके में हुई घटना के बाद पुलिस की गश्ती व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.

बताया जाता है कि सलेमपुर निवासी बसंती देवी अपनी बेटी के साथ मालवीय चौक के पास राशन लेने गई थीं. इसी दौरान जावा बाइक सवार एक युवक उनके पास पहुंचा और प्रणाम करते हुए खुद को उनके बेटे का दोस्त बताया. युवक ने कहा कि वह उनके बेटे के साथ बोकारो में रहता है. उसके पास महिला के बेटे का दिया हुआ लाकेट है, जिसे वह उनकी चैन में लगाना चाहता है. महिला उसकी बातों में आ गईं. युवक उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर मालवीय चौक से नई बस्ती की ओर ले गया. रास्ते में उसने कहा कि वह उन्हें अपने घर ले जा रहा है, जहां चैन में लाकेट लगाने के बाद वापस कर देगा.

नई बस्ती में एक घर के पास पहुंचने पर युवक ने महिला से चैन निकालने को कहा महिला के चैन निकालते ही युवक ने चैन, अंगूठी और मोबाइल अपने कब्जे में लिया और बाइक से फरार हो गया.घटना के बाद सामने आए सीसीटीवी फुटेज में युवक महिला को बाइक पर बैठाकर ले जाता दिख रहा है. उसने नीले रंग का हेलमेट, पीली शर्ट और सफेद जूते पहन रखे थे.

महादेवा थाना प्रभारी विनीत विनायक ने बताया कि महिला को झांसा देकर चैन, अंगूठी और मोबाइल ले जाने का आवेदन मिला है. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालकर आरोपित की पहचान में जुटी है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >