Current Se Maut: गोरेयाकोठी प्रखंड के लद्धी बाजार में शनिवार को दुकान के लिए टिन शेड का निर्माण कर रहे एक मजदूर युवक की करंट लगने से मौत हो गयी. मृतक की पहचान लद्धी गांव निवासी दिनेश महतो के पुत्र राहुल कुमार महतो (28) के रूप में हुई है. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा.
वेल्डिंग मशीन से काम करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, राहुल कुमार महतो लद्धी बाजार में एक दुकान के लिए टिन शेड निर्माण का काम कर रहे थे. इसी दौरान वह वेल्डिंग मशीन से काम कर रहे थे. बताया जाता है कि वेल्डिंग मशीन का तार एक स्थान पर कटा हुआ था. इसी कटे तार से करंट का रिसाव हो गया और राहुल उसकी चपेट में आ गये. करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गये. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गयी.
इलाज के दौरान सीवान में हुई मौत
आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में राहुल को इलाज के लिए सीवान पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग सीवान पहुंचे. युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
माता-पिता के इकलौते पुत्र थे राहुल
राहुल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे. उनके पिता दिनेश महतो खाड़ी देश में मजदूरी करते हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं. इकलौते पुत्र की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. राहुल काफी मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के युवक थे. गांव के लोगों के बीच भी उनकी अच्छी पहचान थी.
शव गांव पहुंचते ही मचा कोहराम
शनिवार देर शाम राहुल का शव गांव पहुंचा. शव पहुंचते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गयी. परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया. घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा रहा.
इसे भी पढ़ें: पटना: रौशन आनंद प्रदर्शनों के बीच गर्दनीबाग पहुंचे, कहा-मेरे पास आयोग का काला चिठ्ठा, BPSC-BSSC घेरेंगे
