Siwan News: दरौंदा थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाये जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए 32 लीटर देसी शराब बरामदगी मामले में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों आरोपितों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया.
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दरौंदा थाना क्षेत्र के हरदियारा गांव निवासी हीरा महतो के पुत्र उपेंद्र महतो तथा रगड़गंज गांव निवासी विकास महतो के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों के पास से कुल 32 लीटर देसी शराब बरामद की गयी.
मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी
मामले में बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत दरौंदा थाना कांड संख्या 313/26 दर्ज की गयी है. प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और दोनों आरोपितों को न्यायालय में प्रस्तुत किया. न्यायालय के आदेश के बाद दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.
शराब तस्करी के खिलाफ छापेमारी जारी
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में शराब तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
इसे भी पढ़ें: बिहार में शिक्षकों के लिए नई एसओपी जारी, ट्रांसफर से पहले ये 5 बातें जानना जरूरी
