Siwan News : सहकारिता प्रसार पदाधिकारी संघ, सीवान के तत्वावधान में मंगलवार को शोक सभा आयोजित की गयी. इसमें बिहारशरीफ की वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अनामिका कुमारी के आकस्मिक निधन पर पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की. उपस्थित लोगों ने दिवंगत पदाधिकारी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा.
सहकारिता विभाग के लिए अपूरणीय क्षति
शोक सभा की अध्यक्षता संघ के जिलाध्यक्ष अभय आनंद ने की. उन्होंने कहा कि अनामिका कुमारी का आकस्मिक निधन सहकारिता विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है. वे अपने कार्यों के प्रति समर्पित होने के साथ सहकर्मियों के बीच मिलनसार स्वभाव के लिए जानी जाती थीं. उनके निधन से विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर है.
वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अमरकांत कुमार ने कहा कि अनामिका कुमारी ने अपने कार्यकाल में विभागीय जिम्मेदारियों का ईमानदारी और निष्ठा के साथ निर्वहन किया. उनके निधन से सहकारिता विभाग ने एक समर्पित पदाधिकारी को खो दिया है.
परिजनों के प्रति जतायी संवेदना
सभा में उपस्थित पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. सभी ने दिवंगत की आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य प्रदान करने की प्रार्थना की.
इस अवसर पर वरीय सहकारिता प्रसार पदाधिकारी अमृतेश कुमार, मनीष पाठक, मणीशंकर प्रसाद, राजू शर्मा, राजेश कुमार, धीरेन्द्र ओझा, धनराज कुमार, मनीष कुमार, तनजीम अख्तर, नीतीश कुमार, श्वेता कुमारी, सत्येन्द्र कुमार, भुवन जगम, चिंतेश बैठा सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे.
