सीवान के महाराजगंज में बंद घर की खिड़की काटकर लाखों की चोरी, 2 लाख नकद समेत सोने-चांदी के जेवर ले गये चोर

महाराजगंज में चोरों ने एक बार फिर बंद घरों को निशाना बनाया है। सिकटिया गांव में एक घर की खिड़की काटकर लाखों रुपये के जेवर और नकदी की चोरी हुई है। घटना से इलाके में दहशत है।

Maharajganj Theft: महाराजगंज थाना क्षेत्र के सिकटिया गांव में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर खिड़की काट दी और अंदर रखे नकदी समेत लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गये. घटना को लेकर गृहस्वामी नितिकांत प्रसाद ने शनिवार को महाराजगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

खिड़की काटकर घर में दाखिल हुए चोर

प्राथमिकी के अनुसार, गृहस्वामी और उनके परिवार के सदस्य रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं. 16 सितंबर की रात चोरों ने बंद घर का फायदा उठाया और खिड़की काटकर अंदर प्रवेश कर गये. इसके बाद घर के कमरों में रखे सामानों को खंगाला और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गये.

2 लाख रुपये नकद समेत जेवर चोरी

गृहस्वामी के आवेदन के अनुसार, चोरी गये सामानों में पांच जोड़ी कान की झुमका, एक नेकलेस, एक मंगलसूत्र, चार अंगूठियां, पायल, चार पीस हाथ का कंगन, पांच पीस बिछिया और 50 चांदी के सिक्के शामिल हैं. इसके अलावा घर में रखे दो लाख रुपये नकद भी चोर ले गये. गृहस्वामी के अनुसार, चोरी गये सामानों की कुल कीमत लाखों रुपये में है.

घर पहुंचने पर परिजनों को हुई चोरी की जानकारी

घटना की जानकारी मिलने के बाद गृहस्वामी घर पहुंचे और कमरों में रखे सामानों की जांच की. इस दौरान चोरी का पता चला. इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी और थाने में आवेदन देकर चोरों की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी गये सामान की बरामदगी की मांग की.

पुलिस बोली- जल्द होगा घटना का खुलासा

महाराजगंज थानाध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है. जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जायेगा.

बाहर रहने वाले परिवारों के बंद घर बन रहे निशाना

स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र में बंद मकानों को चोर निशाना बना रहे हैं. खासकर ऐसे परिवारों के घर, जिनके सदस्य रोजी-रोटी के सिलसिले में दूसरे शहरों या राज्यों में रहते हैं और लंबे समय तक मकान बंद रहता है, चोरों की नजर में हैं. ऐसे मकानों की रेकी करने के बाद चोर खिड़की, दरवाजा या अन्य रास्तों से घर में प्रवेश कर चोरी की घटना को अंजाम दे रहे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By रंजीत यादव

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >