siwan news : अरुआ-बनकट जाने वाली सड़क में गड्ढे ही गड्ढे, गिरकर चोटिल हो रहे लोग

siwan news : महमदपुर गांव की सीमा से होकर अरुआ-बनकट जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गयी है

भगवानपुर हाट. प्रखंड क्षेत्र के महमदपुर गांव की सीमा से होकर अरुआ-बनकट जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर होकर गड्ढों में तब्दील हो गयी है. इस बदहाल सड़क से गुजरना ग्रामीणों के लिए रोजाना जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है. यह सड़क प्रखंड के प्रसिद्ध संत साध बाबा के समाधि स्थल से होकर अरुआ और बनकट गांव को जोड़ती है. इसके बाद पिपरहिया होते हुए यह मीरहाता बाजार तक जाती है. यही मार्ग मीरहाता, बनकट, पिपरहिया, गोपालपुर, फूटानीगंज और खड़ियाटोला के लोगों के लिए प्रखंड मुख्यालय तक पहुंचने का एकमात्र साधन है. स्थानीय ग्रामीण राजेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब 15 वर्ष पूर्व तत्कालीन मुखिया द्वारा इस सड़क पर सिर्फ ईंटीकरण कराया गया था. तब से लेकर आज तक उसी ईंटीकरण पर लोग गुजरने को मजबूर हैं. ग्रामीणों का कहना है कि कई बार स्थानीय विधायक विजय शंकर दूबे और सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल से सड़क निर्माण की मांग की गयी, लेकिन दोनों प्रतिनिधियों ने कभी ध्यान नहीं दिया. नतीजा यह है कि अब सड़क जगह-जगह गड्ढे में तब्दील हो चुकी है और आये दिन राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं. स्थानीय करण सिंह ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बड़ी उम्मीदों से विजय शंकर दूबे को विधायक चुना गया था. लेकिन, जीतने के बाद वे क्षेत्र की जनता को भूल गये. अब जब चुनाव नजदीक है, तो क्षेत्र में दिखायी दे रहे हैं. बनकट निवासी सोनू कुमार ने बताया कि सड़क जर्जर होने के कारण बीमार महिला या प्रसव पीड़िता को अस्पताल ले जाने में गंभीर परेशानी होती है. बावजूद इसके अब तक न तो जनप्रतिनिधि और न ही किसी अधिकारी ने इस ओर ध्यान दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH KUMAR

SHAILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >