siwan News: दरौंदा प्रखंड कार्यालय परिसर में बुधवार को सामाजिक सुरक्षा पेंशनधारियों की पेंशन संबंधी त्रुटियों के सुधार के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में पेंशनधारियों की विभिन्न समस्याओं का समाधान किया गया. इस दौरान कुल 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पांच मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया.
इन समस्याओं का किया गया समाधान
शिविर में खाता संख्या में सुधार, नाम संशोधन, पेंशन योजना का माइग्रेशन, लंबित भुगतान (एरियर) तथा जीवित होने के बावजूद पेंशन बंद होने जैसी समस्याओं का समाधान किया गया. साथ ही लाभार्थियों को आधार आधारित जीवन प्रमाणीकरण कराने के लिए भी जागरूक किया गया.
आधार आधारित जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य
सामाजिक सुरक्षा निदेशालय द्वारा संचालित सभी छह पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए ई-लाभार्थी पोर्टल के माध्यम से आधार आधारित जीवन प्रमाणीकरण अनिवार्य किया गया है. इसका उद्देश्य मृत पेंशनधारियों की पहचान कर उन्हें डेटाबेस से हटाना तथा वास्तविक लाभार्थियों को नियमित रूप से पेंशन का भुगतान सुनिश्चित करना है.
सीएससी केंद्रों पर नि:शुल्क सुविधा
प्रशासन ने बताया कि लाभार्थी अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) पर जाकर नि:शुल्क आधार आधारित जीवन प्रमाणीकरण करा सकते हैं. इससे पेंशन भुगतान में आने वाली तकनीकी समस्याओं का समाधान होगा.
कई लाभार्थी लौटे निराश
शिविर में कई ऐसे लाभार्थी भी पहुंचे, जिन्होंने बताया कि सभी आवश्यक दस्तावेज सही होने के बावजूद पिछले दो से तीन महीनों से उनके खाते में पेंशन की राशि नहीं आई है. उनकी समस्या का तत्काल समाधान नहीं हो सका, जिससे वे निराश होकर वापस लौट गए.
