Siwan News : सीवान-अमलोरी सरसर रेलखंड के बीच शनिवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. हादसा किमी 5/3-1 पर ट्रेन नंबर 18182 की चपेट में आने से हुआ. मृतका की पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के टरवां गांव निवासी रामनाथ यादव की पत्नी लालझरी देवी के रूप में हुई है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची आरपीएफ टीम
आरपीएफ के अनुसार, घटना की सूचना सुबह 11.02 बजे सीवान स्टेशन मास्टर और डिवीजनल सिक्योरिटी कंट्रोल रूम, वाराणसी को मिली. सूचना मिलते ही आरपीएफ पोस्ट सीवान के एएसआई मयंक भूषण तिवारी और आरक्षी सुभाष यादव मौके के लिए रवाना हुए और 11.35 बजे घटनास्थल पर पहुंचे.
मौके पर रेल पथ सीवान कचहरी के मेट धन्नू कुमार साह भी मौजूद थे. उन्होंने बताया कि उन्हें 10.59 बजे पीडब्ल्यूआई बीके शंकर से घटना की सूचना मिली थी. इसके बाद वह 11.10 बजे घटनास्थल पर पहुंचे और शव की फोटोग्राफी कर उसे ट्रैक के किनारे रखवाया.
ट्रैक क्लियर होने के बाद गुजरी पहली ट्रेन
शव को ट्रैक से हटाये जाने के बाद 11.35 बजे स्टेशन मास्टर को ट्रैक क्लियर होने की सूचना दी गयी. इसके बाद 12.05 बजे पहली ट्रेन सकुशल घटनास्थल से गुजरी.
घटना की सूचना पर मुफस्सिल थाना के एएसआई परवेज अंसारी और जीआरपी सीवान के एसआई सुरेश राम भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. आसपास मौजूद लोगों की मदद से मृतका की पहचान करायी गयी.
खेत जाने के दौरान ट्रेन की चपेट में आने की बात
मृतका के पुत्र जितेंद्र कुमार ने पुलिस को दिये लिखित आवेदन में बताया कि उनकी मां शनिवार की सुबह करीब 10 बजे खेत जाने के लिए घर से निकली थीं. इसी दौरान पोल नंबर 5/3 के पास वह ट्रेन की चपेट में आ गयीं.
घटना के समय रमन यादव, सिकंदर कुमार, नागेंद्र कुमार और पारस प्रसाद को गवाह के रूप में बताया गया है.
बिना पोस्टमार्टम शव परिजनों को सौंपा
परिजनों के आवेदन के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस ने शव को बिना पोस्टमार्टम के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया. परिजन दोपहर 12.22 बजे शव लेकर चले गये.
आरपीएफ कर रही मामले की जांच
मामले की जांच आरपीएफ के एएसआई नंदकिशोर सिंह कर रहे हैं. पुलिस और आरपीएफ की ओर से घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है.
