State Teacher Award 2026: शिक्षक दिवस के अवसर पर राज्य सरकार की ओर से दिये जाने वाले राजकीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए चयनित शिक्षकों की सूची जारी कर दी गयी है. प्राथमिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार राज्य के सभी 38 जिलों से एक-एक शिक्षक का चयन किया गया है. सीवान जिले से जीरादेई प्रखंड स्थित आदर्श राजकीय मध्य विद्यालय की शिक्षिका वीनस दीक्षित को इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चुना गया है.
वीनस दीक्षित के चयन की जानकारी मिलते ही जीरादेई समेत पूरे जिले के शिक्षा जगत में खुशी की लहर दौड़ गयी. शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े लोगों ने उनके चयन को जिले के लिए गौरव का विषय बताया है. शिक्षकों का कहना है कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षक को राज्य स्तर पर सम्मान मिलना अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है.
5 सितंबर को पटना में होगा सम्मान समारोह
प्राथमिक शिक्षा निदेशक कुमार निशांत विवेक के हस्ताक्षर से जारी निर्देश के अनुसार शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर को पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में राजकीय शिक्षक पुरस्कार समारोह आयोजित किया जायेगा. समारोह में राज्य के सभी चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया जायेगा.
निर्देश के अनुसार चयनित शिक्षकों को कार्यक्रम स्थल पर सुबह 8 बजे तक पहुंचने को कहा गया है. डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर आयोजित समारोह में वीनस दीक्षित भी राजकीय शिक्षक पुरस्कार ग्रहण करेंगी.
वीनस के चयन से शिक्षकों में उत्साह
शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए जिले से वीनस दीक्षित का चयन होने से शिक्षकों में उत्साह का माहौल है. स्थानीय शिक्षकों ने कहा कि यह सम्मान न केवल वीनस दीक्षित के कार्यों की पहचान है, बल्कि सीवान जिले के लिए भी गौरव की बात है.
उन्होंने कहा कि वीनस दीक्षित के चयन से जिले के अन्य शिक्षकों को भी अपने विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने और विद्यार्थियों के हित में नवाचार के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी.
चयन पर जिला शिक्षा पदाधिकारी राघवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य अधिकारियों और शिक्षकों ने वीनस दीक्षित को बधाई दी है.
इसे भी पढ़ें: ‘झंडू कुमार’ को कभी नाम पर मिले ताने, मेडल जीते तो हुआ भव्य स्वागत, पीएम मोदी की भी मिली बधाई
