Bihar Student Scholarship : सीवान जिले के पात्र छात्र-छात्राओं के लिए पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना 2026-27 के तहत ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हो गई है. मुख्यमंत्री अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना तथा मुख्यमंत्री पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग प्रवेशिकोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन 15 सितंबर तक किए जा सकेंगे.
जारी निर्देश के अनुसार जिले के सभी उच्च माध्यमिक विद्यालयों, सरकारी एवं निजी आईटीआई, पॉलिटेक्निक, इंजीनियरिंग, नर्सिंग, बीएड एवं डीएलएड कॉलेज सहित सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों को पात्र विद्यार्थियों से समय पर आवेदन कराने का निर्देश दिया गया है. प्रधानाचार्यों एवं नोडल पदाधिकारियों को छात्रवृत्ति योजना की जानकारी देने, पात्र विद्यार्थियों की पहचान करने तथा ऑनलाइन आवेदन में सहयोग करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति पोर्टल पर शिक्षण संस्थानों का पंजीकरण 25 अगस्त तक होगा. इसके बाद न तो किसी नए संस्थान का पंजीकरण होगा और न ही आवेदन स्वीकार किए जाएंगे. साथ ही संस्थानों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर छात्र आवेदनों का सत्यापन भी पूरा करना होगा.
आधार सीडिंग के बिना आवेदन नहीं होगा फाइनल
छात्रवृत्ति आवेदन के लिए आधार का डीबीटी से जुड़े बैंक खाते में सीड होना अनिवार्य कर दिया गया है. जिन विद्यार्थियों का आधार बैंक खाते से लिंक नहीं होगा, वे आवेदन फाइनल नहीं कर पाएंगे. गलत बैंक खाते से आधार जुड़े होने की स्थिति में भी छात्रवृत्ति की राशि का भुगतान नहीं हो सकेगा.
ये दस्तावेज होंगे जरूरी
ऑनलाइन आवेदन के लिए आवासीय, आय एवं जाति प्रमाण पत्र अनिवार्य हैं. आय प्रमाण पत्र एक अप्रैल 2026 या उसके बाद जारी होना चाहिए, जबकि जाति प्रमाण पत्र पिछले दो शैक्षणिक सत्रों से वर्तमान सत्र तक मान्य रहेगा. सभी आवश्यक शैक्षणिक दस्तावेजों की तिथि एक अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2027 के बीच की होनी चाहिए.
त्रुटि सुधार के मिलेंगे तीन अवसर
यदि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि पाई जाती है तो विद्यार्थियों को अधिकतम तीन बार सुधार का अवसर मिलेगा. डिफेक्ट मिलने पर 15 दिनों के भीतर त्रुटि दूर कर आवेदन दोबारा फाइनल करना होगा, अन्यथा आवेदन स्वतः अस्वीकृत कर दिया जाएगा. यदि कोई विद्यार्थी उसी पाठ्यक्रम और शैक्षणिक सत्र में किसी अन्य छात्रवृत्ति योजना का लाभ ले रहा है तो उसका आवेदन निरस्त किया जा सकता है.
छात्रवृत्ति की राशि आय एवं जाति प्रमाण पत्र के सफल सत्यापन के बाद ही जारी की जाएगी. आवेदन की स्थिति की जानकारी एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी. यदि एसएमएस प्राप्त नहीं होता है तो विद्यार्थियों को नियमित रूप से पोर्टल पर लॉगिन कर अपने आवेदन की स्थिति जांचने की सलाह दी गई है.
