Siwan News: सीवान जिले के भगवानपुर हाट प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय भगवानपुर कन्या में शनिवार को सेवानिवृत्त प्रभारी प्रधानाध्यापक मो. खलील मंसूरी के सम्मान में विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित किया गया. विद्यालय परिवार ने उन्हें अंगवस्त्र, सम्मान पत्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर भावभीनी विदाई दी.
31 जुलाई को हुए सेवानिवृत्त
मो. खलील मंसूरी 31 जुलाई को सेवानिवृत्त हुए. उनके सम्मान में आयोजित समारोह की अध्यक्षता मध्य विद्यालय मोरा के प्रधानाध्यापक राजीव कुमार श्रीवास्तव ने की, जबकि संचालन विद्यालय के प्रधानाध्यापक कमलेश कुमार ने किया. कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों और उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल को याद किया.
2013 में प्रधानाध्यापक के रूप में दिया था योगदान
बताया गया कि मो. खलील मंसूरी ने 6 मई 2013 को विद्यालय में प्रधानाध्यापक के रूप में योगदान दिया था. अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विद्यालय के विकास, अनुशासन और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. उनके स्नेहपूर्ण व्यवहार, कर्तव्यनिष्ठा और सहनशीलता की भी सराहना की गयी.
शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होते. उनके द्वारा विद्यार्थियों को दी गयी शिक्षा और संस्कार समाज का मार्गदर्शन करते रहते हैं. विद्यालय परिवार की ओर से मो. खलील मंसूरी को अंगवस्त्र, सम्मान पत्र एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया. शिक्षिका अंजू कुमारी ने उनकी पत्नी को भी सम्मानित किया. विद्यार्थियों ने उपहार देकर अपने प्रिय प्रधानाध्यापक के प्रति सम्मान जताया.
भावुक हुए मो. खलील मंसूरी
विदाई समारोह के दौरान मो. खलील मंसूरी भावुक हो गए. उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार उनके अपने परिवार जैसा रहा है. यहां बिताया गया समय उनके जीवन की अमूल्य स्मृतियों में हमेशा शामिल रहेगा.
कार्यक्रम में एकाउंटेंट संदीप कुमार, विनोद कुमार शुक्ल, श्रीकांत सिंह, विनोद कुमार पांडेय, ओमप्रकाश, अमरेन्द्र कुमार, राजेन्द्र प्रसाद, राम कुमार सिंह, श्वेता कुमारी, वीणा कुमारी, अवधेश कुमार राय, सुनीता सिन्हा, साजिया खातून, युवा संत नागमणि सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अन्य लोग मौजूद रहे.
