Pradhan Mantri Awas Yojana: प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लक्ष्य के आवंटन एवं देशभर में 22 लाख 35 हजार आवासों के गृह प्रवेश कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को बापू सभागार, पटना में ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के मंत्री शिवराज सिंह चौहान की उपस्थिति में किया गया. कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सीवान समाहरणालय सभागार में किया गया. इसमें जनप्रतिनिधियों, जिला प्रशासन के पदाधिकारियों, कर्मियों एवं योजना के लाभुकों ने भाग लिया.
लाभुकों को सौंपी गयी आवास की चाबी
कार्यक्रम के दौरान सीवान जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत आवास निर्माण पूरा करने वाले लाभुकों के बीच गृह प्रवेश के लिए आवास की चाबी एवं शुभकामना संदेश वितरित किया गया. वहीं नवचयनित लाभुकों को स्वीकृति पत्र भी दिया गया. चाबी और स्वीकृति पत्र का वितरण बड़हरिया विधायक इंद्रदेव सिंह, दरौली विधायक विष्णुदेव पासवान, जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा एवं उप विकास आयुक्त अमिताभ सिंह ने किया.
अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की दी जानकारी
कार्यक्रम में लाभुकों को प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. जीविका, वीभी जी राम जी, लोहिया स्वच्छ बिहार अभियान, विद्युत कनेक्शन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना एवं स्वच्छ पेयजल सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेने के लिए लाभुकों को प्रेरित किया गया. अधिकारियों ने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी.
समय पर आवास पूरा करने की डीएम ने की अपील
जिलाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने स्वीकृत सभी लाभुकों से निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण पूरा करने की अपील की. उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को लाभुकों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
सुरक्षित और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना उद्देश्य
डीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना है. आवास के साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं से जोड़कर लाभुक परिवारों के जीवन स्तर में सुधार लाना सरकार की प्राथमिकता है.
अधिकारी और लाभुक रहे मौजूद
मौके पर निदेशक लेखा संतोष कुमार मिश्रा, निदेशक एनआरईपी मनीष सिंह, जिला समन्वयक लोहिया स्वच्छ बिहार विनोद कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, कर्मी एवं योजना के लाभुक उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें:भोजपुर के नए SP अवधेश दीक्षित क्यों हैं चर्चा में? जानिए IPS काम्या मिश्रा से उनकी खास प्रेम कहानी
