Siwan News (अरविंद कुमार सिंह): सीवान के बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहाँ मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर 26 वर्षीय युवक शहजाद अली की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि इंसानियत को शर्मसार करते हुए हत्यारों ने युवक के शव को मोटरसाइकिल में बांधकर दूर तक घसीटा भी. ग्रामीणों के अनुसार, मृतक शहजाद अली दो भाई थे और महज छह महीने पहले उनके बड़े भाई की भी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया गया था. छह माह के भीतर एक ही परिवार के दो बेटों की हत्या से पूरे गांव में दहशत का माहौल है.
मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इस दर्दनाक वारदात के बाद पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. मृतक शहजाद अली के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया है. वहीं, छह महीने पहले मारे गए उनके बड़े भाई के भी छह बच्चे हैं. इस तरह इस परिवार के कुल 10 मासूम बच्चे अनाथ हो चुके हैं. घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है.
पीड़ित परिवार से मिलने पहुंची माले की टीम
इस जघन्य घटना की जानकारी मिलने के बाद भाकपा माले की सात सदस्यीय जांच टीम रविवार को शिवराजपुर गांव पहुंची और पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. जांच टीम ने आरोप लगाया कि शहजाद की हत्या करने के बाद आरोपियों ने खुद ही 112 नंबर डायल कर पुलिस को बुलाया था. इसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को बिना कोई सूचना दिए ही शव का पोस्टमार्टम करा दिया, जो प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है.
सड़क पर उतरेगी जनता- माले जिला सचिव
खुरमाबाद स्थित माले जिला कार्यालय में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देशभर में जिस तरह की हिंसक घटनाएं हो रही हैं, उससे साफ है कि प्रशासन नाम की चीज नहीं बची है और चारों तरफ अराजकता का माहौल है. उन्होंने कहा कि अब देश में कानून का राज लागू कराने के लिए आम जनता को खुद सड़कों पर उतरना होगा.
2 जून को बड़हरिया में होगा प्रतिवाद मार्च
माले के राज्य कमेटी सदस्य विकास यादव, आरवाईए जिला सचिव जयशंकर पंडित और मजदूर यूनियन के राज्य सचिव अमित कुमार ने संयुक्त रूप से बताया कि इस घटना की निष्पक्ष जांच और सभी नामजद हत्यारों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर आगामी 2 जून को बड़हरिया में एक विशाल प्रतिवाद मार्च निकाला जाएगा. इस जांच टीम में जिला सचिव इंद्रजीत चौरसिया, विकास यादव, जिला कमेटी सदस्य कुंती यादव, रमाशंकर चौरसिया, महेश सिंह, गुड्डू मिश्रा और मुन्ना यादव मुख्य रूप से शामिल रहे.
Also Read: सीवान में सड़क पर आग का गोला बनी बुलेट, अस्पताल मोड़ के पास मची अफरा-तफरी
