सिवान के गोरेयाकोठी उप प्रमुख की गई कुर्सी,समर्थन में नहीं मिला एक भी वोट

Siwan News: गोरेयाकोठी प्रखंड के उप प्रमुख मृत्युंजय मिश्रा के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित हो गया. कुल 30 बीडीसी सदस्यों में से 21 सदस्यों ने बैठक में भाग लिया. जबकि 9 सदस्य अनुपस्थित रहे. उप प्रमुख के समर्थन में एक भी वोट नही मिला.

Siwan News: (विवेक कुमार सिंह की रिपोर्ट) सिवान जिले के गोरेयाकोठी प्रखंड के उप प्रमुख मृत्युंजय मिश्रा के खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव आखिरकार पारित हो गया. मंगलवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित सभाकक्ष में पंचायत समिति की विशेष बैठक आयोजित की गयी थी. जिसमें अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा और मतदान कराया गया. बैठक की निगरानी महाराजगंज एसडीओ अनीता सिन्हा ने पर्यवेक्षक के रूप में की.

अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में पड़े 20 मत

जानकारी के अनुसार पंचायत समिति के कुल 30 बीडीसी सदस्यों में से 21 सदस्यों ने बैठक में भाग लिया. जबकि 9 सदस्य अनुपस्थित रहे. अनुपस्थित रहने वालों में उप प्रमुख मृत्युंजय मिश्रा भी शामिल थे. मतदान के दौरान कुल 21 मत पड़े.जिसमें 20 मत सही पाये गये, जबकि एक मत रद्द कर दिया गया. अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में पड़े 20 मतों के बाद उप प्रमुख की कुर्सी चली गयी.

पंचायत समिति सदस्यों का विश्वास खो चुके थे उप प्रमुख

अविश्वास प्रस्ताव लाने वाले बीडीसी सदस्यों ने बीडीसी सदस्य जुगनू खातून के नेतृत्व में आरोप लगाया था कि उप प्रमुख अपने संवैधानिक दायित्वों का सही तरीके से निर्वहन नहीं कर पा रहे थे तथा पंचायत समिति सदस्यों का विश्वास खो चुके थे. सदस्यों का कहना था कि ऐसी स्थिति में उनका पद पर बने रहना उचित नहीं है. इसी को लेकर विशेष बैठक बुलाकर मतदान कराया गया.

शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई वोटिंग

बैठक के दौरान प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा. सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रखंड मुख्यालय परिसर में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके. पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई.अब उप प्रमुख पद रिक्त होने के बाद नये चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी. बताया जा रहा है कि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जल्द ही चुनाव की तिथि जारी की जायेगी. जिसके बाद नये उप प्रमुख का चयन किया जायेगा. मौके पर बीडीओ अभय कुमार, थानाध्यक्ष मनीष कुमार सहित कई प्रशासनिक अधिकारी एवं पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे.

Also read: पटना में हथियार के बल पर 40 लाख की लूट, कैश वैन को अपराधियों ने बनाया निशाना

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Nikhil Anurag

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट ( माखनलाल पत्रकारिता विश्वविद्यालय). नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है. नोएडा में टीवी न्यूज में काम करने के बाद हिंदुस्तान ग्रूप होते हुए बिहार, झारखंड की सबसे पसंदीदा अखबार प्रभात खबर में कार्यरत. हां एक बात और... पढ़ने-लिखने की जिज्ञासा कभी खत्म नहीं होगी. साहित्य में बेहद दिलचस्पी.

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >