सीवान से पटना के लिए चलेंगीं नई ट्रेनें, महाराजगंज में बनेगा आरपीएफ पोस्ट, सांसद की बड़ी मांग

Siwan News: रेल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सांसद ने महाराजगंज में स्थायी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट की स्थापना की मांग रखी. उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी.

Siwan News: महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल ने वाराणसी मंडल संसदीय समिति की बैठक में क्षेत्र की रेल सुविधाओं और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया. उन्होंने यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, ट्रेनों के समयबद्ध संचालन और रेलवे अवसंरचना के विकास के लिए कई अहम मांगें रखीं.

पटना तक ट्रेनों के नियमित संचालन की उठाई मांग

बैठक में सांसद ने सीवान-दरौंदा-महाराजगंज-मशरख होते हुए पटना तक चलने वाली ट्रेनों के समयबद्ध और नियमित परिचालन की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि यात्रियों को अक्सर ट्रेनों के विलंब से परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे दूर किया जाना चाहिए.

जनशताब्दी एक्सप्रेस चलाने का रखा प्रस्ताव

सांसद सिग्रीवाल ने गोरखपुर-दरौंदा-एकमा-छपरा होते हुए पटना जंक्शन तक जनशताब्दी एक्सप्रेस चलाने की मांग की. उनका कहना था कि इस ट्रेन के परिचालन से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को बेहतर और तेज रेल सुविधा उपलब्ध होगी.

रेलवे अंडरपास में जलजमाव का स्थायी समाधान मांगा

बैठक के दौरान सांसद ने विभिन्न रेलवे अंडरपासों में होने वाले जलजमाव की समस्या को गंभीर बताते हुए इसका स्थायी और तकनीकी समाधान कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि बरसात के दिनों में जलभराव के कारण लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.

महाराजगंज में आरपीएफ पोस्ट स्थापित करने की मांग

रेल यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सांसद ने महाराजगंज में स्थायी रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट की स्थापना की मांग रखी. उन्होंने कहा कि इससे यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी. सांसद ने एकमा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर टिकट काउंटर खोलने तथा शामकौड़िया में आरक्षण काउंटर की सुविधा शुरू करने का प्रस्ताव रखा. इससे यात्रियों को टिकट और आरक्षण के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी.

दो महत्वपूर्ण ओवरब्रिज निर्माण कार्य शुरू करने की मांग

उन्होंने एकमा के पूर्वी ढाला और दुमदुमा ढाला पर लंबे समय से प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य को शीघ्र शुरू कराने की मांग भी की. सांसद का कहना था कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से जाम की समस्या कम होगी और आवागमन सुगम बनेगा. बैठक में सांसद ने कहा कि क्षेत्र के रेल नेटवर्क और यात्री सुविधाओं को मजबूत करना समय की जरूरत है. उन्होंने रेलवे अधिकारियों से जनहित से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक पहल करते हुए जल्द कार्रवाई करने का आग्रह किया.

Also Read: श्रीराम का जीवन मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत, कथा सुन भावविभोर हुए श्रद्धालु

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >