सीवान से अमर नाथ शर्मा की रिपोर्ट
Siwan News : बिहार मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा की प्रथम पाली समाप्त होने के बाद रविवार को सीवान रेलवे स्टेशन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. संभावित भीड़ और यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने विशेष प्रबंध किए, जिससे अभ्यर्थियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा. आरपीएफ निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव निगरानी में परीक्षार्थियों को सुव्यवस्थित तरीके से विभिन्न ट्रेनों में बैठाकर रवाना किया गया.
हजारों अभ्यर्थियों की भीड़ के बावजूद स्टेशन पर नहीं बिगड़ी व्यवस्था
गाड़ी संख्या 14006 आनंद विहार–सीतामढ़ी लिच्छवी एक्सप्रेस, 02564 नई दिल्ली–बरौनी क्लोन एक्सप्रेस, 02570 नई दिल्ली–दरभंगा क्लोन एक्सप्रेस, 15048 गोरखपुर–कोलकाता पूर्वांचल एक्सप्रेस तथा परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 05106 सीवान–हाजीपुर में बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को सुरक्षित रूप से उनके गंतव्य के लिए भेजा गया. स्टेशन परिसर में भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा एवं यात्री सुविधा को लेकर रेलवे सुरक्षा बल, जीआरपी तथा रेलवे कर्मी पूरी तरह सक्रिय रहे. प्लेटफॉर्म पर लगातार उद्घोषणा कर यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी दी गई और उन्हें निर्धारित कोचों में चढ़ने में सहायता प्रदान की गई. रेलवे प्रशासन की तत्परता और समन्वित व्यवस्था के कारण परीक्षा के बाद उमड़ी भारी भीड़ के बावजूद स्टेशन पर व्यवस्था सुचारु रही. अभ्यर्थियों ने भी रेलवे की इस पहल की सराहना करते हुए इसे राहत भरा कदम बताया.
Also Read : फुलवरिया में अवैध मिट्टी खनन पर बड़ी कार्रवाई, खनन विभाग ने जेसीबी पकड़ी
