सीवान में CSP संचालक से ₹2.30 लाख की लूट, बदमाशों ने हथियार के बल पर वारदात को दिया अंजाम

Siwan News: सीवान के बसंतपुर थाना क्षेत्र में बाइक सवार अपराधियों ने एक CSP संचालक से 2.30 लाख रुपये लूट लिए. बदमाशों ने कोड़र गांव के पास बाइक गिराकर हथियार के बल पर वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद पुलिस जांच में जुट गई है.

सीवान जिले के बसंतपुर मुख्यालय स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शाखा से दो लाख रुपये की निकासी कर अपने केंद्र पर जा रहे एक सीएसपी संचालक से बाइक सवार दो अपराधियों ने दो लाख तीस हजार रुपये की बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया है. यह सनसनीखेज वारदात बसंतपुर थाना क्षेत्र के कोड़र गांव के समीप सोमवार की दोपहर बाद एनएच 227 ए पर घटित हुई. इस घटना के बाद से इलाके के व्यवसायियों और सीएसपी संचालकों में हड़कंप मच गया है.

बाइक से गिराकर वारदात को दिया अंजाम

घटना के संबंध में बताया जाता है कि शहरकोला स्थित एसबीआई सीएसपी के संचालक पप्पू कुमार यादव सोमवार की दोपहर बसंतपुर स्थित एसबीआई के मेन ब्रांच से पैसे की निकासी करने पहुंचे थे. बैंक से पैसे निकालने के बाद वे अपनी बाइक से वापस शहरकोला लौट रहे थे. इसी बीच कोड़र स्थित एक बाइक एजेंसी के ठीक आगे एक बाइक पर सवार होकर आए दो अपराधियों ने सीएसपी संचालक की बाइक को कट मारकर अनियंत्रित कर दिया. बाइक अनियंत्रित होने के कारण संचालक सड़क किनारे गिर गया. इतने में अपराधियों ने मौका पाकर उनके पास मौजूद दो लाख तीस हजार रुपये लूट लिए और सीवान की तरफ तेजी से फरार हो गए.

सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही बसंतपुर थानाध्यक्ष राजू कुमार तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की छानबीन में जुट गए. कुछ ही देर बाद महाराजगंज के एसडीपीओ अमन भी घटनास्थल पर पहुंच गए. पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और बसंतपुर मुख्यालय स्थित एसबीआई बैंक के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार दोनों अपराधियों ने हथियार के बल पर इस लूट की वारदात को अंजाम दिया है.

अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी का पुलिस ने दिया भरोसा

महाराजगंज के एसडीपीओ अमन ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित सीएसपी संचालक ने कुल दो लाख तीस हजार रुपये लूटे जाने की बात कही है. पुलिस मामले को बेहद गंभीरता से ले रही है. बैंक से लेकर घटनास्थल तक के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि अपराधियों का सुराग लगाया जा सके. उन्होंने दावा किया कि घटना में शामिल अपराधियों को चिन्हित कर शीघ्र ही पुलिस की गिरफ्त में ले लिया जाएगा.

Also Read: सीवान के मोहित कुमार ने जेईई एडवांस में लहराया परचम, 5859वीं रैंक लाकर क्षेत्र का नाम किया रोशन

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikas Jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >