सीवान से अरविंद कुमार की रिपोर्ट
Siwan News: सीवान के चर्चित शहजाद अली हत्याकांड में पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है. बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर में हुई हत्या के मामले में एसआईटी टीम ने एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई के बाद अब तक 7 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि पुलिस शेष अभियुक्तों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
30 मई को हुई थी शहजाद अली की हत्या
बड़हरिया थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में 30 मई 2026 को शहजाद अली की हत्या कर दी गई थी. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मृतक शहजाद अली क्यामुद्दन शाह के पुत्र थे. पुलिस द्वारा गठित एसआईटी लगातार मामले की जांच कर रही थी. तकनीकी साक्ष्यों और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने शुक्रवार को आरोपी रंजन कुमार उर्फ रंजन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी शिवराजपुर गांव का ही निवासी है.
घटना के बाद एसपी और एफएसएल टीम ने संभाला था मोर्चा
हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, एसडीपीओ सदर-01 और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची थी. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम भी वीडियोग्राफी के साथ कराया गया था.
एसआईटी के गठन के बाद तेज हुई कार्रवाई
बड़हरिया थाना में कांड संख्या 230/26 दर्ज करने के बाद एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था. टीम ने लगातार छापेमारी और जांच अभियान चलाकर एक-एक कर आरोपियों तक पहुंच बनाई.पुलिस टीम बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी नामजद अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
अब तक 7 गिरफ्तार, 2 बालक निरुद्ध, एक ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार इस हत्याकांड में अब तक 7 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है. इसके अलावा 2 विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया गया है, जबकि एक आरोपी ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया है. इससे मामले में पुलिस की कार्रवाई और तेज होती नजर आ रही है.
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ, खुल सकते हैं कई राज.
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को रिमांड पर लेकर विस्तृत पूछताछ की जाएगी. जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान हत्या की साजिश और अन्य पहलुओं से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं. सीवान पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले में सभी आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं. दोषियों के खिलाफ मजबूत चार्जशीट दाखिल कर स्पीडी ट्रायल के जरिए उन्हें कठोर सजा दिलाने की कोशिश की जाएगी.
