Nutritious Food: मैरवा रेफरल अस्पताल में मंगलवार को निक्षय मित्रों की ओर से टीबी मरीजों के बीच पौष्टिक आहार के पैकेट का वितरण किया गया. इस दौरान टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य मरीजों को नियमित उपचार के साथ पौष्टिक आहार उपलब्ध कराकर उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करना था.
19 निक्षय मित्रों ने 26 मरीजों को लिया गोद
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मैरवा प्रखंड में पिछले पांच महीनों के दौरान की गयी टीबी रोगी स्क्रीनिंग में 42 नए टीबी मरीजों की पहचान हुई है. इनमें से 19 निक्षय मित्रों ने 26 मरीजों को गोद लेकर उनके इलाज की अवधि तक सहयोग करने का संकल्प लिया है.
निक्षय मित्रों की ओर से मरीजों को पौष्टिक आहार के पैकेट उपलब्ध कराये गये. इसका उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर पोषण उपलब्ध कराना और बीमारी से उबरने में उनकी मदद करना है.
टीबी उन्मूलन में समाज की भागीदारी जरूरी
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रकाश कुमार ने निक्षय मित्रों की पहल की सराहना की. उन्होंने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए समाज की भागीदारी बेहद जरूरी है. सक्षम एवं प्रबुद्ध लोगों को आगे आकर निक्षय मित्र बनना चाहिए और टीबी मरीजों के पूरी तरह स्वस्थ होने तक उनका सहयोग करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि नियमित दवा के साथ पौष्टिक आहार मिलने से मरीजों को उपचार के दौरान काफी मदद मिल सकती है. टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ आम लोगों की सहभागिता भी महत्वपूर्ण है.
