Siwan News: सीवान के मैरवा अंचल कार्यालय में शनिवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में भूमि विवाद से जुड़े छह मामलों की सुनवाई की गई. सीओ गौतम कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई सुनवाई के दौरान दोनों पक्षों की दलीलें और उपलब्ध अभिलेखों की जांच की गई. इसके बाद चार मामलों का निष्पादन कर दिया गया, जबकि दो मामलों में नोटिस की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया.
चार मामलों का मौके पर हुआ निपटारा
जनता दरबार में मोतीछापर, पचलखी, सिसवा बुजुर्ग, खुदरा और बड़का मांझा गांवों से भूमि विवाद से संबंधित आवेदन पहुंचे थे. सुनवाई के दौरान चार मामलों का आपसी सहमति और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर निष्पादन किया गया. इससे संबंधित पक्षों को राहत मिली.
अनुपस्थित पक्षकारों को जारी होगा नोटिस
वहीं, दो मामलों में पक्षकारों के उपस्थित नहीं होने के कारण अगली सुनवाई के लिए नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया. संबंधित पक्षकारों को निर्धारित तिथि पर उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया है.
छोटे विवादों को बढ़ने से रोकना उद्देश्य
सीओ गौतम कुमार सिंह ने बताया कि जनता दरबार का उद्देश्य भूमि विवादों का त्वरित और निष्पक्ष समाधान करना है, ताकि छोटे-छोटे विवाद आगे चलकर गंभीर रूप न लें. उन्होंने सभी पक्षकारों से निर्धारित तिथि पर आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होने की अपील की, जिससे मामलों का जल्द निस्तारण किया जा सके.
