15 अगस्त को लेकर रेलवे का अलर्ट, दिल्ली के लिए पार्सल सेवाओं पर रोक, सीवान जंक्शन पर यात्रियों की चेकिंग

Delhi parcel booking: स्वतंत्रता दिवस के कारण रेलवे ने दिल्ली और एनसीआर के प्रमुख स्टेशनों पर पार्सल बुकिंग अस्थायी रूप से बंद कर दी है. सीवान जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसमें यात्रियों और ट्रेनों की गहन जांच शामिल है. ट्रेनों में भी विशेष तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं.

Delhi parcel booking: स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे ने सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है. सुरक्षा के मद्देनजर नई दिल्ली सहित दिल्ली-एनसीआर के कई स्टेशनों पर जाने वाले पार्सल की बुकिंग पर अस्थायी रोक लगायी गयी है. रेलवे की ओर से 12 से 15 अगस्त तक दिल्ली सहित एनसीआर के संबंधित स्टेशनों के प्लेटफॉर्म को खाली रखने का निर्देश जारी किया गया है. इस संबंध में सभी डिवीजन के रेलवे स्टेशनों को सूचना दी गयी है.

इसके अलावा लीज्ड पार्सल सहित कई तरह की बुकिंग पर भी रोक रहेगी. रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर हर वर्ष देशभर में सुरक्षा अलर्ट जारी किया जाता है. इस बार भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है.

दिल्ली के कई स्टेशनों के लिए पार्सल बुकिंग बंद

रेलवे ने नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, सराय रोहिल्ला, आदर्श नगर, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार, गाजियाबाद समेत कई स्टेशनों के लिए पार्सल बुकिंग पर रोक लगायी है. इन स्टेशनों के लिए न तो पार्सल भेजे जा सकेंगे और न ही वहां से पार्सल की बुकिंग की जायेगी.

रेलवे प्रशासन ने नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन, हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल, सराय रोहिल्ला और आदर्श नगर रेलवे स्टेशन के लिए रजिस्टर्ड न्यूज पेपर और किताबों को छोड़कर अन्य सभी प्रकार के पार्सल पैकेटों की बुकिंग तथा लीज्ड एसएलआर, एचसी और वीपीएस पर 15 अगस्त तक अस्थायी रोक लगायी है.

यात्री अपना जरूरी सामान ट्रेन के कोच में साथ ले जा सकते हैं. हालांकि, सामान को पार्सल के रूप में बुक नहीं किया जायेगा.

सीवान जंक्शन पर भी बढ़ायी गयी सुरक्षा

स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए सीवान जंक्शन पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है. जंक्शन पर आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की जांच की जा रही है. सर्कुलेटिंग एरिया और प्रतीक्षालय में ठहरने वाले लोगों के सामान की भी जांच की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों को लेकर पूछताछ की जा रही है.

इसी क्रम में शक के आधार पर जीआरपी ने एक व्यक्ति से पूछताछ की. तलाशी के दौरान उसके पास से शराब बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया.

ट्रेनों में विशेष सर्च अभियान

स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए ट्रेनों में भी विशेष सर्च अभियान चलाया जा रहा है. जीआरपी और आरपीएफ के जवान ट्रेनों में गहनता से जांच कर रहे हैं. खासकर शौचालय के समीप, डिब्बों के गेट और साधारण बोगियों में विशेष निगरानी की जा रही है.

जवानों को किसी यात्री पर संदेह होने पर उसके बैग और अन्य सामान की जांच की जा रही है. दूसरे शहरों से आने वाले पार्सल की भी जांच की जा रही है.

बोले जिम्मेवार

"स्वतंत्रता दिवस को लेकर रेलवे प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर कदम उठाया गया है. तत्काल प्रभाव से दिल्ली जाने वाले पार्सल की बुकिंग पर रोक लगायी गयी है."

इसे भी पढ़ें: गोपालगंज के थावे में दहेज की बलि चढ़ी दो बच्चों की मां, 2 लाख रुपये के लिए सास-ननद ने ली जान, दो हिरासत में एक ननद फरार


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By पंकज कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >