सीवान: गोलीकांड के घायलों से मिली कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम, आरिफ और आकाश को एक-एक लाख रुपये की सहायता का ऐलान

सीवान में गोलीकांड के पीड़ितों से मिलने पहुंची कांग्रेस की फैक्ट फाइंडिंग टीम. घायलों आरिफ कुरैशी और आकाश ने सुनाई आपबीती, ₹1-1 लाख की आर्थिक सहायता का ऐलान किया गया. यह रिपोर्ट राहुल गांधी को सौंपी जाएगी.

Siwan News: सीवान में हुए गोलीकांड की जांच के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की ओर से गठित फैक्ट फाइंडिंग टीम शनिवार को शहर के शेख मोहल्ला पहुंची. टीम ने गोलीकांड में घायल आरिफ कुरैशी से मुलाकात की. वहीं, घायल आकाश को भी मौके पर बुलाया गया. टीम के सदस्यों ने दोनों घायलों और उनके परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली.

घायलों ने टीम को सुनाई आपबीती

फैक्ट फाइंडिंग टीम ने आरिफ कुरैशी और आकाश से घटना के समय की परिस्थितियों और इलाज से संबंधित जानकारी ली. आरिफ ने टीम के सामने अपनी आपबीती रखी, जबकि आकाश ने भी गोलीबारी की घटना को लेकर अपना पक्ष बताया. बताया गया कि आरिफ को गर्दन और आकाश को कंधे में गोली लगी थी. दोनों का इलाज मेदांता अस्पताल में कराया गया था और स्वास्थ्य लाभ के बाद दोनों घर लौट चुके हैं.

आकाश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला है. वह इंटरमीडिएट पास है और उसका विवाह संबंध सीवान में तय हुआ है. इसी सिलसिले में वह सीवान आया था, जहां गोलीबारी की घटना में घायल हो गया.

टीम में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल

फैक्ट फाइंडिंग टीम में राज्यसभा सांसद एवं कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष इमरान प्रतापगढ़ी, सासाराम सांसद मनोज कुमार, विधायक विक्रांत भूरिया, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव मिमांसा आर्या और कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष उमैर खान समेत कई नेता शामिल रहे.

राहुल गांधी को सौंपी जाएगी रिपोर्ट

इमरान प्रतापगढ़ी ने कहा कि कांग्रेस पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने बताया कि फैक्ट फाइंडिंग टीम घटना से जुड़े तथ्यों, पीड़ितों के बयान और उपलब्ध जानकारी के आधार पर विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी. यह रिपोर्ट लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को सौंपी जाएगी.

उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. साथ ही बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाबदेही तय करने की मांग की.

दोनों घायलों को एक-एक लाख रुपये की मदद

मुलाकात के दौरान इमरान प्रतापगढ़ी ने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग की ओर से आरिफ कुरैशी और आकाश को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. दोनों घायलों के बैंक खाते का विवरण लिया गया है. उन्होंने कहा कि एक-दो दिनों के भीतर सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेज दी जाएगी.

उपलब्ध तथ्यों के आधार पर तैयार होगी रिपोर्ट

सासाराम सांसद मनोज कुमार ने कहा कि फैक्ट फाइंडिंग टीम पीड़ितों के बयान, प्रत्यक्षदर्शियों की जानकारी और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर रिपोर्ट तैयार करेगी. रिपोर्ट कांग्रेस नेतृत्व को सौंपी जाएगी, ताकि मामले को संसद और अन्य लोकतांत्रिक मंचों पर प्रभावी तरीके से उठाया जा सके.

इस दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुशील कुमार, बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि डॉ. ख्वाजा एहतेशाम अहमद, महाराजगंज जिला कांग्रेस अध्यक्ष जवाहर राम, प्रदेश कांग्रेस नेता प्रेमचंद सिंह, अशोक सिंह, अरविंद यादव समेत कांग्रेस और सहयोगी संगठनों के कई पदाधिकारी मौजूद रहे. टीम ने दोनों घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि मामले में निष्पक्ष जांच एवं पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पार्टी लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >