Siwan Engineering College Orientation Program : राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय, सीवान के ऑडिटोरियम में गुरुवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए छात्र ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, संस्थागत संस्कृति, उपलब्ध संसाधनों, अनुशासन और व्यक्तित्व विकास के अवसरों से परिचित कराना था.
डीन ने तकनीकी शिक्षा के व्यापक महत्व पर दिया जोर
कार्यक्रम का शुभारंभ डीन (अकादमिक) प्रो. अमित कुमार के उद्घाटन संबोधन से हुआ. उन्होंने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि अभियंत्रण शिक्षा केवल तकनीकी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह नवाचार, अनुसंधान, नेतृत्व क्षमता, समस्या-समाधान कौशल और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का भी प्रभावी माध्यम है. उन्होंने छात्रों से जिज्ञासु बने रहने और संस्थान में उपलब्ध सभी अवसरों का पूरा लाभ उठाने की अपील की.
प्राचार्य ने अनुशासन और उत्कृष्टता का दिया संदेश
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सूर्यकांत सिंह ने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, अनुशासित शैक्षणिक वातावरण और उत्कृष्ट शैक्षणिक संस्कृति के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुसंधान, नवाचार, खेलकूद और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने परिश्रम से महाविद्यालय और राज्य का नाम रोशन करें.
सीवान की खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें
प्लेसमेंट और कौशल विकास पर मिली अहम जानकारी
प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो. नवदीप पांडेय ने प्रशिक्षण, इंटर्नशिप, उद्योग-शैक्षणिक सहयोग, कौशल विकास कार्यक्रमों और प्लेसमेंट की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी. उन्होंने विद्यार्थियों को प्रथम वर्ष से ही तकनीकी दक्षता और व्यावसायिक कौशल विकसित करने की सलाह दी, ताकि भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें.
परीक्षा प्रणाली और छात्र कल्याण योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम के दौरान प्रो. श्वेता गुप्ता, प्रो. अनीता वर्मा और प्रो. नीवातिका वर्मा ने परीक्षा प्रणाली, छात्र कल्याण योजनाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और महाविद्यालय के अनुशासन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं. उन्होंने विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों का पालन करते हुए सकारात्मक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने का संदेश दिया.
यह भी पढ़ें : सीवान में गूंजा 'नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो' का संदेश, 500 लोगों ने लिया संकल्प
शिक्षकों और विद्यार्थियों की रही सक्रिय भागीदारी
ओरिएंटेशन कार्यक्रम में महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम के समापन पर सभी विद्यार्थियों के सफल शैक्षणिक जीवन और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं.
Also Read : सीवान में अपने ही वार्ड की समस्या लेकर पोर्टल पहुंचीं वार्ड पार्षद, नगर परिषद की कार्यशैली पर उठे सवाल
