सीवान में स्वास्थ्य सेवाओं पर डीएम सख्त, अनावश्यक रेफरल रोकने का निर्देश

सीवान डीएम ने स्वास्थ्य विभाग की बैठक में सदर अस्पताल में अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के कड़े निर्देश दिए हैं।

Siwan News : स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और सरकार के स्वास्थ्य अभियानों को प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर शनिवार को समाहरणालय के सभाकक्ष में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षात्मक बैठक हुई. अध्यक्षता जिला पदाधिकारी विजय प्रकाश मीणा ने की. बैठक में डीएम ने सभी प्रखंडों में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये.

हर प्रखंड में शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग का लक्ष्य

डीएम ने ‘जांच एवं उपचार चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की समीक्षा करते हुए सभी प्रखंडों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अभियान के लिए गठित स्वास्थ्य टीमों को माइक्रोप्लान के अनुसार क्षेत्र में लगाया जाए. साथ ही प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी प्रतिदिन अभियान की मॉनिटरिंग करें, ताकि लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित हो सके.

एनीमिया मरीजों को दवा और रेफरल की सुविधा

‘एनीमिया मुक्त भारत’ कार्यक्रम के विशेष अभियान के तहत सभी आयु वर्ग के लोगों की एनीमिया जांच कराने का निर्देश दिया गया. जांच में एनीमिया से पीड़ित मरीजों की पहचान होने के बाद उन्हें जरूरत के अनुसार दवा उपलब्ध कराने को कहा गया. गंभीर मामलों में मरीजों को समय पर रेफरल की सुविधा उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया.

टीबी मरीजों के प्रोत्साहन भुगतान को करें अपडेट

डीएम ने ‘टीबी मुक्त भारत अभियान’ की भी समीक्षा की. उन्होंने स्क्रीनिंग के दौरान चिन्हित और इलाजरत सभी टीबी मरीजों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि के भुगतान को अद्यतन करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया. उन्होंने पात्र मरीजों को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया.

अनावश्यक मरीजों को रेफर नहीं करने की हिदायत

सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए डीएम ने कहा कि मरीजों को अस्पताल में बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करायी जाए. हरसंभव प्रयास किया जाए कि अनावश्यक रूप से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत न पड़े. उन्होंने अस्पताल की सेवाओं को मजबूत बनाने और मरीजों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा.

लापरवाही पर होगी कार्रवाई

डीएम ने अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद, संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. ओपी लाल, सदर अस्पताल अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार सिंह, जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. अरविंद कुमार, जिला कार्यक्रम प्रबंधक स्वास्थ्य विशाल कुमार सिंह सहित सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक और स्वास्थ्य कर्मी मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अमरनाथ शर्मा

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >