विदेश से लौटे सीवान के युवक का संदिग्ध हालात में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान, गांव के ही 2 लोगों पर लगा आरोप

Siwan Crime News : सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज प्रखंड के लकड़ी गांव में विदेश से लौटे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. युवक का शव उसके घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ है. शरीर पर मिले गहरे जख्मों के निशान के बाद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं.

Siwan Crime News : (अमरनाथ पांडेय) सीवान जिले के लकड़ी नबीगंज प्रखंड के लकड़ी गांव में विदेश से लौटे एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई. युवक का शव उसके घर से कुछ दूरी पर बरामद हुआ है. शरीर पर मिले गहरे जख्मों के निशान के बाद परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं. घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है.

फोन आने के बाद घर से निकला था युवक

मृतक की पहचान लकड़ी गांव निवासी जैनुद्दीन के पुत्र कमरे आलम के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार गुरुवार की रात एक फोन आने के बाद कमरे आलम बाइक लेकर घर से बाहर निकला था. इसके कुछ समय बाद उसका शव गांव में ही घर से कुछ दूरी पर मिला.

घर से कुछ दूर मिला शव और बाइक

ग्रामीणों ने युवक का शव और उसकी बाइक संदिग्ध अवस्था में देख इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी. घटना की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पूरे इलाके में सनसनी फैल गई.

शरीर पर मिले गहरे जख्म, हत्या की आशंका

परिजनों का कहना है कि शव पर कई जगह गहरे चोट और जख्म के निशान मिले हैं. इसी आधार पर वे पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जता रहे हैं. हालांकि पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है.

इकलौते बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

कमरे आलम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया. इकलौते बेटे की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा हुआ है.

दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ

मामले की गंभीरता को देखते हुए लकड़ी नबीगंज थाना पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने संदेह के आधार पर गांव के ही दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है.

Siwan News : पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.

हर पहलू से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है. फिलहाल हत्या, दुर्घटना और अन्य संभावित कारणों की दिशा में जांच आगे बढ़ाई जा रही है. जांच पूरी होने के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आ सकेगी.

Also Read :सीवान में 24 साल के युवक को पीट-पीटकर किया अधमरा, अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vivek Singh

विवेक सिंह माता सीता की धरती और मिथिला का द्वार कहे जाने वाले समस्तीपुर जिले से आते हैं. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. इससे पहले #The_Newsdharma के साथ डिजिटल मीडिया, ग्राउंड रिपोर्टिंग , और न्यूज़ लेखन के क्षेत्र में कार्य करने का अनुभव रहा है. सामाजिक, राजनीतिक, शिक्षा, युवा, महिला सुरक्षा और जनता से जुड़े मुद्दों पर विशेष रुचि रखते हैं. सरल, तथ्यात्मक और प्रभावी लेखन शैली के माध्यम से पाठकों तक महत्वपूर्ण खबरें और मुद्दे पहुंचाने का निरंतर प्रयास करते हैं. NGO अमर शहीद बिपिन सिंह फाउंडेशन के साथ जुड़कर सामाजिक, स्वास्थ्य, पर्यावरण ,रोजगार और महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दों पर भी कार्य करने का अनुभव हैं.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >