सीवान: महादेवा थाना पुलिस ने सोमवार की देर रात वाहन जांच के दौरान शराब की बड़ी खेप बरामद की. पुलिस ने एक ब्रेजा कार से 495 लीटर शराब बरामद करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपितों की पहचान गोपालगंज जिले के बरौली थाना क्षेत्र के रूपनछाप निवासी सुरेंद्र राम के पुत्र मंजीत कुमार और मांझागढ़ थाना क्षेत्र के विसंभरपुर निवासी डोमा चौधरी के पुत्र मिथिलेश यादव के रूप में हुई है. पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त ब्रेजा कार को भी जब्त कर लिया है.
थानाध्यक्ष विनीत कुमार विनायक ने बताया कि सोमवार की मध्य रात्रि सूचना मिली थी कि छोटपुर बाइपास से सीवान बाइपास होते हुए हकाम की ओर एक ब्रेजा कार से भारी मात्रा में शराब ले जायी जा रही है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने हकाम मोड़ के पास वाहन जांच शुरू कर दी.
इसी दौरान छोटपुर की ओर से तेज गति से एक ब्रेजा कार आती दिखाई दी. पुलिस टीम को देखते ही चालक ने कार की रफ्तार बढ़ा दी और झुनापुर मोड़ की ओर भागने लगा. पुलिस टीम ने पीछा कर कार को रोक लिया. इसके बाद कार की तलाशी ली गयी, जिसमें कुल 495 लीटर अवैध शराब बरामद हुई.
शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने कार में सवार दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है.
दोनों आरोपितों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप कहां से लायी गयी थी और इसे सीवान में किसे पहुंचाया जाना था. पुलिस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जानकारी जुटा रही है.
