Siwan News: भाई-बहन के अटूट प्रेम, अटूट विश्वास और पवित्र स्नेह का प्रतीक रक्षाबंधन का पावन पर्व शुक्रवार को दरौंदा प्रखंड क्षेत्र में पूरे श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही घर-घर में पर्व को लेकर उमंग और खुशियों का माहौल देखा गया. बहनों ने सुबह स्नान-ध्यान के उपरांत पूरी श्रद्धा व विधि-विधान से पूजा की थाली सजाकर अपने भाइयों की आरती उतारी, माथे पर तिलक लगाया और कलाई पर रक्षासूत्र बांधा.
बहनों ने की दीर्घायु की कामना, भाइयों ने दिया सुरक्षा का वचन
कलाई पर स्नेह की डोर बांधने के बाद बहनों ने ईश्वर से अपने भाइयों के सुखी, स्वस्थ, समृद्ध और दीर्घायु जीवन की मंगल कामना की. वहीं, भाइयों ने भी अपनी बहनों के मान-सम्मान की रक्षा करने और जीवन के हर मोड़ पर ढाल बनकर साथ निभाने का संकल्प दोहराया. भाइयों ने अपनी बहनों को मनपसंद उपहार और नेग भेंट कर त्योहार की खुशियां दोगुनी कर दीं.
बाजारों में दिनभर उमड़ी रही खरीदारों की भीड़
त्योहार को लेकर दरौंदा मुख्य बाजार सहित ग्रामीण हाट-बाजारों में सुबह से ही काफी चहल-पहल रही. रंग-बिरंगी व आकर्षक राखियों से सजी दुकानों पर छोटी बच्चियों से लेकर बुजुर्ग महिलाओं तक की भारी भीड़ देखी गई. इसके साथ ही मिठाई, फल और कपड़ों की दुकानों पर भी देर शाम तक ग्राहकों का तांता लगा रहा, जहां भाइयों ने अपनी बहनों के लिए पसंदीदा उपहार और मिठाइयां खरीदीं.
