सीवान: आगामी श्रावणी मेला-2026 के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी क्रम में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय और पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा ने सोमवार को मेंहदार स्थित बाबा महेंद्रनाथ मंदिर परिसर में स्थानीय प्रशासन, मंदिर प्रबंधन, जनप्रतिनिधियों, दुकानदारों और आम नागरिकों के साथ बैठक कर मेले की तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिये गये.
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर जोर
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि श्रावणी मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा महेंद्रनाथ के दर्शन के लिए पहुंचते हैं. ऐसे में प्रशासन की प्राथमिकता श्रद्धालुओं को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है. उन्होंने मंदिर परिसर और तालाब की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा मेले के दौरान सफाई व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त मजदूरों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया.
दो दिनों में हटेगा मंदिर मार्ग से अतिक्रमण
प्रशासन ने मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए सड़क किनारे लगी अस्थायी दुकानों को दो दिनों के भीतर हटाने का निर्देश दिया. महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग स्नान घाट विकसित करने, रामगढ़ बाजार से महेंद्रनाथ मंदिर तक सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा मंदिर परिसर में मजबूत बैरिकेडिंग लगाने का भी निर्णय लिया गया.
मुख्य मार्ग पर बिजली के पोलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये गये. अधिकारियों को कहा गया कि मेले के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था न हो और श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
चलंत शौचालय और पेयजल की होगी व्यवस्था
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेले के दौरान चलंत शौचालय, स्वच्छ पेयजल एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया. बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, मंदिर प्रबंधन समिति और दुकानदारों ने अपने सुझाव दिये तथा मेले के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया. प्रशासन ने कहा कि श्रावणी मेला-2026 का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल वातावरण में सुनिश्चित किया जाएगा.
