जिले में अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस की ओर से वांछित और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधीक्षक भारत सोंनी के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष छापेमारी की जा रही है. पुलिस की लगातार दबिश के बीच अलग-अलग कांडों में वांछित पांच आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया.
हत्या और आर्म्स एक्ट के आरोपी ने किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार नगर थाना कांड संख्या 720/26 में हत्या और आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित दक्षिण टोला निवासी प्रिंस अख्तर ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है. पुलिस लंबे समय से उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही थी.
इसी तरह महाराजगंज थाना कांड संख्या 511/25 में हत्या के प्रयास के मामले में वांछित पतरेसा तुरहा टोली निवासी नितेश साह ने भी न्यायालय में आत्मसमर्पण किया.
आर्म्स एक्ट और चोरी के मामलों में भी सरेंडर
दरौंदा थाना कांड संख्या 155/08 में आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित महाराजगंज पुरानी बाजार निवासी रालेउद्दीन मियां ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है.
वहीं, आंदर/एमएच नगर थाना कांड संख्या 75/14 के चोरी के मामले में वांछित रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के बरुआ निवासी प्रेमचंद चौधरी ने भी कोर्ट में सरेंडर किया.
मद्यनिषेध मामले में भी आरोपी ने किया आत्मसमर्पण
पांचवें आरोपी के रूप में दरौली थाना कांड संख्या 41/25 में बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत वांछित बसंतपुर थाना क्षेत्र के शहरकोला निवासी धनंजय कुमार सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिले में फरार और वांछित आरोपियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस की लगातार छापेमारी और दबिश के कारण आरोपियों पर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का दबाव बढ़ रहा है.
