Siwan News : दरौंदा थाना क्षेत्र के चकरी मठिया गांव में हत्या के एक मामले में फरार चल रहे दो आरोपितों के घर रविवार को न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की. इस दौरान घर में रखे सामान को जब्त कर थाना लाया गया.
जानिए क्या था मामला
जानकारी के अनुसार, 16 जनवरी 2025 को भूमि विवाद को लेकर हुए आपसी संघर्ष में चकरी मठिया निवासी राम ईश्वर भारती के 45 वर्षीय पुत्र जयनाथ भारती पर चाकू से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल जयनाथ भारती की इलाज के दौरान मौत हो गई थी.
मृतक की पत्नी के आवेदन पर दरौंदा थाना कांड संख्या 32/25 के तहत राजेश कुमार भारती एवं आशा देवी के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया था. प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से दोनों आरोपित फरार चल रहे हैं.
इश्तेहार चस्पा आत्मसमर्पण का दिया था निर्देश
पुलिस ने इससे पहले दोनों आरोपितों के घर इश्तेहार चस्पा कर न्यायालय में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया था, लेकिन निर्धारित समय के भीतर उन्होंने आत्मसमर्पण नहीं किया. इसके बाद न्यायालय के आदेश पर रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपितों के घर कुर्की-जब्ती की कार्रवाई करते हुए घरेलू सामान जब्त कर लिया.
गिरफ्तारी के लिए लगातार हो रही छापेमारी
थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह ने बताया कि हत्या के मामले में फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. उन्होंने कहा कि आरोपितों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा.
